UP News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में 16 फरवरी को वायरल हुए एक वीडियो से हड़कंप मच गया। कोतवाली क्षेत्र के नवयुग मार्केट बिहारी नगर के इस वीडियो में कुछ युवक हथौड़े और कुदाल से मजार तोड़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। चौकी इंचार्ज ने इस मामले में आदर्श दुबे समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सोशल मीडिया में वायरल हुए इस वीडियो में कुछ युवक एक मजार को तोड़ते हुए नजर आ रहे हैं वीडियो में आदर्श दुबे नाम का युवक और उसके कुछ अज्ञात साथी नजर आ रहे हैं। इस दौरान तोड़फोड़ के साथ युवक धार्मिक नारे भी लगा रहे हैं। ये वीडियो करीब एक महीने पुराना बताया जा रहा है लेकिन सोशल मीडिया पर पोस्ट अब किया गया है। मजार तोड़ने के बाद अब उस स्थान पर गाड़ियां पार्क की जा रही हैं।

वीडियो में आदर्श दुबे कहता है कि पार्किंग की जगह पर यह अवैध मजार बनाई गई थी इसलिए इसे हटाया गया है। इस मामले में नवयुग मार्केट चौकी इंचार्ज अंकुर राठी की ओर से थाना कोतवाली में आदर्श दुबे और कुछ उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अपनी तहरीर में चौकी इंचार्ज ने लिखा है कि वीडियो में धार्मिक माहौल को प्रभावित करने वाली गतिविधि दिख रही हैं। मौके पर जाकर सत्यापन किया गया तो वहां पर कोई मलबा नहीं मिला लेकिन आसपास के लोगों ने मजार होने की पुष्टि की।
UP News: पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
पुलिस ने इस मामले में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने की बीएनएस की धाराओं 298 और 324 (4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस वीडियो की जांच कर अन्य आरोपियों की भी पहचान कर रही है।
Report BY: विभु मिश्रा






