PM Modi Assam Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के बरपेटा में चुनावी सभा के दौरान कहा कि इस बार कांग्रेस की हार तय है। उन्होंने बताया कि असम के लोगों ने दो बातें पक्की कर ली हैं: एक, इस बार भाजपा-एनडीए की हैट्रिक लगने वाली है और दूसरा, दिल्ली में बैठे कांग्रेस के नेताओं की हार का रिकॉर्ड भी असम की जनता बनाएगी। प्रधानमंत्री ने भाजपा के स्थापना दिवस पर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और सदस्यों को दिल से बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग “नेशन फर्स्ट” के मंत्र के साथ मां भारती की सेवा में समर्पित हैं और उनका उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत बनाना है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस कभी जनता के सामने अपना काम नहीं बताती, जबकि भाजपा साफ नियत के साथ जनता को अपनी उपलब्धियों के बारे में जानकारी देती है।

विकसित असम का निर्माण होगा
प्रधानमंत्री ने असम के लोगों से कहा कि उनका वोट इस बार विकसित असम के निर्माण की नींव मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा असम को उस बुलंदी तक ले जा रही है, जिसके असम के लोग हकदार हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस में लंबे समय का कोई विजन नहीं रहा। उनका ध्यान हमेशा छोटे फायदे और भ्रष्टाचार पर केंद्रित रहता था। इसके विपरीत, भाजपा विकसित असम और विकसित भारत की बड़ी दृष्टि के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछला दशक असम को डर और अस्थिरता से बाहर निकालने और उसकी पहचान बचाने के लिए समर्पित रहा। वहीं, अगला दशक असम को आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए होगा।
किसानों के हित में मोदी सरकार की उपलब्धियां
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के 10 साल के शासन में देश के धान किसानों को केवल 4 लाख करोड़ रुपये मिले, जबकि मोदी सरकार ने 2014 के बाद 10 वर्षों में किसानों को 16 लाख करोड़ रुपए दिए। उन्होंने बताया कि 2013 में जब कांग्रेस केंद्र में थी, तब धान का MSP केवल 1,300 रुपए/क्विंटल था। आज धान का MSP लगभग 2,370 रुपए/क्विंटल है, और असम सरकार ने इसमें और वृद्धि की है। मोदी ने कहा कि यह स्पष्ट करता है कि कांग्रेस कभी किसानों का भला नहीं कर सकती।
PM Modi Assam Speech: महिला आरक्षण और नारी शक्ति
प्रधानमंत्री ने महिलाओं की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए संसद और विधानसभा में महिलाओं की भूमिका बहुत जरूरी है। इसी दिशा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया गया, जिसमें महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तय किया गया है। मोदी ने बताया कि देश की बहनों और बेटियों को इस अधिकार का इंतजार लगभग 40 साल तक था। उन्होंने कहा कि 2029 के लोकसभा चुनाव से यह हक लागू होना चाहिए, जिसके लिए कानून में संशोधन आवश्यक है। इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने 16 अप्रैल से संसद का विशेष सत्र बुलाया है और सभी पार्टियों से इस मुद्दे पर चर्चा की है, ताकि इसे सर्वसम्मति से आगे बढ़ाया जा सके।








