Home » उत्तर प्रदेश » यूपी में बारिश का कहर शुरू, 75 जिलों में अलर्ट जारी: बलिया में 3 सेकंड में नदी में समाया स्कूल

यूपी में बारिश का कहर शुरू, 75 जिलों में अलर्ट जारी: बलिया में 3 सेकंड में नदी में समाया स्कूल

यूपी में मानसून फिर सक्रिय, 75 जिलों में अलर्ट

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में सोमवार से एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। सुबह से लखनऊ, कानपुर, अयोध्या समेत 40 से अधिक शहरों में बादल छाए रहे। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।लखीमपुर और बहराइच में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

नदियों का बढ़ता जलस्तर बना खतरा

पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश का असर अब उत्तर प्रदेश की नदियों में भी दिखाई दे रहा है। कई नदियां उफान पर हैं।बलिया में सोमवार सुबह करीब 7 बजे सरयू नदी के तेज कटान से एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय पूरी तरह नदी में समा गया। यह पूरी घटना केवल 3 सेकंड में हुई। स्कूल का आधा हिस्सा रविवार को ही नदी में गिर चुका था, जबकि बाकी हिस्सा सोमवार सुबह ढह गया।बलिया के दोहरीघाट क्षेत्र में नहर का तटबंध टूटने से सैकड़ों एकड़ धान की फसल पानी में डूब गई। किसानों के अनुसार, नदी का जलस्तर बढ़ने से नहर में अचानक अधिक पानी आ गया। नहर ओवरफ्लो होने के बाद दबाव बढ़ा और तटबंध टूट गया। इसके बाद पानी तेजी से आसपास के खेतों में फैल गया।

UP Weather Update:  यूपी में मानसून फिर सक्रिय, 75 जिलों में अलर्ट
यूपी में मानसून फिर सक्रिय, 75 जिलों में अलर्ट
रविवार को भी कई शहरों में हुई बारिश

रविवार को लखनऊ, कानपुर, नोएडा और बिजनौर में अच्छी बारिश हुई। वहीं उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की सड़क धंस गई। सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम मौके पर पहुंची और सड़क की मरम्मत कर दी।इसी बीच, काठमांडू में खराब मौसम के कारण चीन सदर्न एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान को लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा।

मौसम वैज्ञानिक ने क्या बताया?

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसूनी रेखा एक बार फिर उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रही है। साथ ही बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो रहा है।उन्होंने बताया कि इसी वजह से पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। 30 जुलाई तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और गिरने की भी आशंका है।

अलग-अलग शहरों का मौसम

कानपुर: सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। धूप नहीं निकलने से तापमान में गिरावट आई, लेकिन उमस बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि शाम तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

लखनऊ: राजधानी में सुबह से बादल छाए रहे। दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है। तापमान में भी कमी आने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है, जिससे प्रदेश में बारिश बढ़ेगी।

आगरा: सोमवार सुबह धूप निकली, लेकिन हवा नहीं चलने से उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। दिन में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में तेज हवाओं, भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।

अयोध्या: अयोध्या में सोमवार को उमस के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि आसमान में बादल छाए रहे और दिन में हल्की बारिश का अनुमान है। सरयू नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नदी का स्तर डेंजर लेवल 92.73 मीटर से 54 सेंटीमीटर नीचे बह रहा है।

यूपी में मानसून फिर सक्रिय, 75 जिलों में अलर्ट
यूपी में मानसून फिर सक्रिय, 75 जिलों में अलर्ट
काठमांडू से लखनऊ डायवर्ट हुई फ्लाइट

रविवार देर रात काठमांडू में खराब मौसम के कारण चीन सदर्न एयरलाइंस की फ्लाइट CSN 3067, जिसे एयरबस A320neo विमान संचालित कर रहा था, निर्धारित समय पर उतर नहीं सकी। यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को लखनऊ एयरपोर्ट डायवर्ट कर दिया।

गोंडा में कटान से किसानों की बढ़ीं मुश्किलें

गोंडा जिले में घाघरा नदी का जलस्तर घटने के बाद कटान तेज हो गया है। तरबगंज और करनैलगंज तहसील क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों से नदी का जलस्तर लगातार कम हो रहा है।पहले बढ़ते जलस्तर से परेशानी थी, लेकिन अब घटते जलस्तर की वजह से नदी तेजी से किनारे काट रही है। इससे किसानों के खेतों में लगी गन्ने और धान की फसल नदी में बह रही है। उपजाऊ कृषि भूमि भी कटकर नदी में समा रही है।प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर नुकसान का आकलन कर रहा है और मुआवजे के लिए जिला प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

उन्नाव में एक्सप्रेसवे धंसा

उन्नाव में लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड नेशनल एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा उद्घाटन के केवल 12 दिन बाद ही धंस गया। यह घटना कोरारी क्षेत्र में किलोमीटर-64 के पास हुई।लगातार बारिश के बीच कानपुर से लखनऊ जाने वाली लेन का हिस्सा धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बाद में निर्माण एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत की।

इस साल मानसून कमजोर रहने के संकेत

मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. एम. महापात्रा ने बताया कि इस वर्ष प्रशांत महासागर में ला नीना जैसी परिस्थितियां समाप्त होकर अल नीनो की ओर बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। अल नीनो की स्थिति आमतौर पर कम बारिश से जुड़ी होती है।उन्होंने यह भी कहा कि जनवरी से मार्च के दौरान उत्तरी गोलार्ध में सामान्य से कम बर्फबारी होने का असर भी इस साल के दक्षिण-पश्चिम मानसून पर पड़ सकता है। इसी वजह से इस वर्ष मानसून सामान्य से कमजोर रहने की संभावना जताई जा रही है।

यह भी पढ़े…..पेपर लीक पर सख्त कानून लाने की तैयारी, सरकार आज पेश करेगी लोक परीक्षा संशोधन विधेयक