Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के चर्चित ज्योति मौर्या और उनके पति आलोक मौर्या के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अब सुलह की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। दोनों के बीच आपसी सहमति बन चुकी है और रिश्तों में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों ने जिला अदालत प्रयागराज और हाईकोर्ट में चल रहे मामलों को वापस लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
बच्चों के भविष्य ने बदली सोच
इस पूरे मामले पर आलोक मौर्या ने खुद पुष्टि करते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है। उनका कहना है कि अब वे पुराने विवादों को पीछे छोड़कर नई शुरुआत करना चाहते हैं। वर्तमान में आलोक मौर्या पंचायत राज विभाग में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत हैं और साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहे हैं।
Uttar Pradesh: 2023 में सामने आया था विवाद
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में पति-पत्नी के बीच का यह विवाद सार्वजनिक हुआ था, जिसने पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोरी थीं। मामला इतना बढ़ गया था कि जिला अदालत से लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट तक पहुंच गया। दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे। आलोक मौर्या ने जहां हाईकोर्ट में गुजारा भत्ता की याचिका दाखिल की थी, वहीं ज्योति मौर्या ने जिला अदालत में तलाक की अर्जी दी थी।
Uttar Pradesh: पुरुष आयोग की मांग भी उठी थी
इस विवाद के दौरान आलोक मौर्या ने पुरुषों के अधिकारों की पैरवी करते हुए पुरुष आयोग के गठन की मांग भी उठाई थी। उन्होंने अपनी बात को लेकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्य महिला आयोग तक गुहार लगाई थी, जिससे यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया था।ताजा हालात में दोनों ने अपने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों अब अपने बच्चों की बेहतर परवरिश पर ध्यान देना चाहते हैं और इसी वजह से सुलह का रास्ता चुना गया है।
क्या है मौजूदा स्थिति
ज्योति मौर्या इस समय गाजियाबाद में एडीएम प्रशासन के पद पर तैनात हैं और उनकी दोनों बेटियां उनके साथ रहकर पढ़ाई कर रही हैं। वहीं आलोक मौर्या प्रयागराज में अपनी नौकरी के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं और कई प्रारंभिक परीक्षाएं भी पास कर चुके हैं।इस हाई-प्रोफाइल मामले में आई यह नई सुलह की खबर अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है और माना जा रहा है कि जल्द ही यह विवाद पूरी तरह खत्म हो सकता है।
ये भी पढ़े: दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक, स्पीकर की गाड़ी पर स्याही फेंक आरोपी फरार








