Home » उत्तर प्रदेश » लापरवाही बनी मौत की वजह? वंदे भारत ट्रेन हादसे में मासूम की दर्दनाक मौत

लापरवाही बनी मौत की वजह? वंदे भारत ट्रेन हादसे में मासूम की दर्दनाक मौत

Vande Bharat Train

Vande Bharat Train: रायबरेली जिले में शुक्रवार शाम दिल दहला देने वाला हादसा हुआ जब तीन साल की मासूम बच्ची वाणी की वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ जाने से मौत हो गई। हादसे में उसके साथ चल रही आया गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह दर्दनाक घटना बछरावां कस्बे में लखनऊ-प्रयागराज रेलखंड पर गेट संख्या 175-बी के पास हुई।

स्कूल से लौट रही थी वाणी

पुलिस के अनुसार, आजाद नगर निवासी पूनम की बेटी वाणी पटेल नगर स्थित एक प्री-नर्सरी स्कूल में पढ़ती थी। वह रोज की तरह शुक्रवार को भी शाम छह बजे स्कूल से लौट रही थी। आया गुड्डी (41) जो बच्ची की देखभाल के लिए जुटी रहती थी उसे लेकर घर जा रही थीं। रेलवे ट्रैक पार करते समय प्रयागराज से लखनऊ की ओर तेज गति से आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सीएचसी बछरावां पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने वाणी को मृत घोषित कर दिया।

Vande Bharat Train: मां पूनम रो-रोकर बेहाल

गंभीर रूप से घायल आया गुड्डी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम की मां पूनम रो-रोकर बेहाल है जबकि पूरा मोहल्ला सदमे में डूबा है। जानकारी के मुताबिक, पूनम की शादी छह साल पहले खीरों क्षेत्र के नीरज से हुई थी। वैवाहिक मतभेद के चलते वह बीते एक साल से अपनी तीन वर्षीय बेटी वाणी के साथ अपने मायके यानी नाना के घर रह रही थी। वाणी की मौत से परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है।

मामले में जानकारी देते हुए जीआरपी थाना बछरावां के चौकी प्रभारी एसके राय ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा के इंतज़ामों पर भी मंथन किया जा रहा है ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

ये भी पढ़े… सीतापुर में रंजिश का खून: बाप-बेटे की गोली मारकर हत्या, पुलिस की लापरवाही से बढ़ा तनाव