Home » राष्ट्रीय » West bengal: मालदा में ‘बांग्लार बाड़ी’ योजना में ठगी का आरोप, अकाउंट बदलकर 1.20 लाख ट्रांसफर

West bengal: मालदा में ‘बांग्लार बाड़ी’ योजना में ठगी का आरोप, अकाउंट बदलकर 1.20 लाख ट्रांसफर

West bengal

West bengal: पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में एक बार फिर सरकारी योजना में कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। पहले सामने आए ‘टैब घोटाले’ की तरह ही अब मुख्यमंत्री की बांग्लार बाड़ी आवास योजना में लाभार्थियों के बैंक अकाउंट नंबर बदलकर राशि ट्रांसफर करने का आरोप लगा है। मामला इंग्लिश बाजार ब्लॉक के जदूपुर ग्राम पंचायत क्षेत्र का है, जहां लाभार्थियों को उनके स्वीकृत घर की पहली किस्त नहीं मिल सकी।

लाभार्थियों के खाते की जगह दूसरे खाते में राशि

आरोप है कि योजना के लाभार्थियों के नाम, आईडी और आधार विवरण सही थे, लेकिन सिस्टम में बैंक अकाउंट नंबर बदल दिए गए। जब लाभार्थी बैंक पहुंचे तो पता चला कि 1 लाख 20 हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर हो चुके हैं। दक्षिण जदूपुर गांव के एमडी तौसिफ ने बताया कि उनकी मां रुखसाना बीबी के नाम पर घर स्वीकृत हुआ था, लेकिन भुगतान गलत खाते में चला गया।

West bengal: परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर

तौसिफ ने बताया कि 25 जनवरी को उनकी मां का निधन हो गया। वह खुद दूसरे राज्य में मजदूरी करते हैं, जबकि उनके पिता अलीम शेख दिहाड़ी मजदूर हैं। परिवार में तीन बहनें हैं और पक्के घर की सख्त जरूरत है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासनिक कार्रवाई और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप

लाभार्थियों ने पंचायत, जिला और ब्लॉक प्रशासन को लिखित शिकायत दी है। पंचायत प्रधान के प्रतिनिधि के अनुसार, बीडीओ ने संबंधित खाते को फ्रीज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं जिला तृणमूल कांग्रेस ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने सत्तारूढ़ दल पर ही सवाल उठाए हैं।