West Bengal: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मेडिकल छात्र का शव हॉस्टल के बाथरूम में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
छात्र की पहचान और घटना का विवरण
मृतक की पहचान 22 वर्षीय लावण्य प्रताप के रूप में हुई है, जो बिहार के पटना का रहने वाला था और इसी कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात अन्य छात्रों ने उसे बाथरूम में फंदे से लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। उसे अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
West Bengal: मानसिक तनाव की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि छात्र मानसिक तनाव से गुजर रहा था। जानकारी के मुताबिक वह एक सेमेस्टर की परीक्षा में सफल नहीं हो पाया था, जिसके कारण वह काफी दबाव में था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे अन्य किसी वजह की भी जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
West Bengal: पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिवार के दुर्गापुर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस छात्र के दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ कर रही है।
पहले भी सामने आ चुका है मामला
West Bengal: गौरतलब है कि वर्ष 2025 में इसी कॉलेज की एक छात्रा के साथ कॉलेज के पास जंगल में दुष्कर्म की घटना भी सामने आई थी। उस मामले में एक सहपाठी समेत कुछ स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया गया था और मामला फिलहाल दुर्गापुर अदालत में विचाराधीन है। अगर आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो मदद लेने में हिचकिचाएं नहीं। समय पर बातचीत और सहारा कई जिंदगियां बचा सकता है।
ये भी पढ़े: योगी आदित्यनाथ की अपील, विकास के साथ पर्यावरण बचाना भी जरूरी






