INDIA Bloc Rally Delhi: दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन ने महारैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, सीपीआई (एम) के महासचिव एमए बेबी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने मंच से लोकतंत्र, संविधान और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की। नेताओं ने कथित वोट चोरी और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए केंद्र सरकार को घेरा।
INDIA Bloc Rally Delhi: खड़गे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने युवाओं, महिलाओं और दलितों के वोट छीनने की कोशिश की है। खड़गे ने कहा, “वे ज्ञानेश कुमार के जरिए लोगों के वोट डिलीट करवा रहे हैं। हम ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए ही यहां एकजुट हुए हैं। नरेंद्र मोदी चाहे लाख कोशिश कर लें, जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे, हम चुप नहीं बैठेंगे और अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।”उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
INDIA Bloc Rally Delhi: तेजस्वी यादव बोले- देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांट रहे लोग
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी की लड़ाई में कोई भूमिका नहीं निभाने वाले लोग आज देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांट रहे हैं। तेजस्वी यादव ने कहा, “आज वही लोग तय कर रहे हैं कि देश में कौन वोट देगा और कौन नहीं। यह लड़ाई देश के ईमानदार वोटरों और व्यवस्था में सेंध लगाने वाले ‘चीटरों’ के बीच की है। हमें मिलकर देश के लोकतंत्र को बचाना होगा और ऐसे लोगों को सबक सिखाना होगा।” उन्होंने विपक्षी दलों से लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की।
एमए बेबी ने पीएम मोदी को बताया ‘असत्य का महाराजा’
सीपीआई (एम) के राष्ट्रीय महासचिव एमए बेबी ने भी रैली में केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘असत्य का महाराजा’ बताते हुए आरोप लगाया कि वह महिलाओं और किसानों समेत देश के सभी वर्गों से झूठ बोलते हैं। एमए बेबी ने कहा कि देश में फासीवाद नहीं चलेगा। उन्होंने वोट चोरी रोकने और संविधान की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दलों से मिलकर लड़ने का आह्वान किया।
फारूक अब्दुल्ला बोले- संविधान में सभी बराबर
नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने संविधान और समानता के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाला हर व्यक्ति भारतीय है और संविधान के तहत सभी नागरिक बराबर हैं। फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि संघर्ष इस बात के लिए होना चाहिए कि कोई भी नागरिक अपने वोट के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने देश के विकास पर जोर देते हुए कहा कि अगर कोई भी प्रांत तरक्की में पीछे रह जाएगा तो देश मजबूत नहीं हो सकता। उन्होंने जम्मू-कश्मीर का जिक्र करते हुए कहा, “जम्मू-कश्मीर कल भी भारत का था और आगे भी रहेगा।”
लोकतंत्र और वोट के अधिकार की रक्षा का आह्वान
रामलीला मैदान की इस महारैली में INDIA गठबंधन के नेताओं ने अलग-अलग मुद्दों के जरिए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को निशाने पर लिया। खड़गे ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई, तेजस्वी यादव ने वोट के अधिकार और लोकतंत्र की बात की, जबकि एमए बेबी और फारूक अब्दुल्ला ने संविधान की रक्षा और समानता पर जोर दिया। रैली के मंच से विपक्षी दलों ने मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संदेश दिया।
यह भी पढ़े- अमिताभ बच्चन की सुरक्षा क्यों बढ़ाई गई? धमकी भरे ईमेल से बुलेटप्रूफ शील्ड तक पूरा विश्लेषण








