Mp Government: मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस पत्र में प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करने के साथ ही राज्य सरकार के कई विकास कार्यों की सराहना की। किसान कल्याण, सिंचाई, सड़क, मेट्रो, गरीब कल्याण, जनजातीय विकास और रोजगार जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएगा।
किसान कल्याण वर्ष की पहल को सराहा
प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2026 को मध्यप्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि गांवों की खुशहाली और देश की आर्थिक मजबूती का आधार है। पत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रदेश के एक करोड़ से अधिक किसानों को 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मिलने का उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 24 हजार करोड़ रुपये की सहायता और भावांतर भुगतान योजना के जरिए सात लाख से अधिक सोयाबीन किसानों को 1,400 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि दिए जाने की बात भी कही गई।
Mp Government: केन-बेतवा परियोजना और मेट्रो का जिक्र
प्रधानमंत्री ने 44 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना को बुंदेलखंड के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस परियोजना से प्रदेश के 10 जिलों में लगभग 11 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने और करीब 45 लाख लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इसके अलावा भोपाल और इंदौर मेट्रो के नए कॉरिडोर, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों और पुलों का भी उल्लेख किया गया।
गरीबों को आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
पत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम जनमन योजना के माध्यम से प्रदेश में 50 लाख से अधिक घरों के निर्माण का जिक्र किया गया। आयुष्मान भारत योजना के तहत करीब 4.5 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवरेज मिलने की बात भी कही गई। प्रधानमंत्री ने बैगा, भारिया और सहरिया जैसे विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों तक सड़क, आवास, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के प्रयासों को भी सराहा।
Mp Government: रोजगार और निवेश की संभावनाओं का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने धार जिले में बन रहे पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क का जिक्र किया। इस परियोजना में 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई गई है, जिससे हजारों रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में हो रहे प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया।
विरासत और विकसित भारत का लक्ष्य
मोदी ने राजा भोज, देवी अहिल्याबाई होलकर, रानी दुर्गावती और टंट्या मामा जैसी विभूतियों को याद किया। उन्होंने सांची स्तूप, भीमबेटका, खजुराहो, ओरछा, ग्वालियर किले और मांडू जैसी ऐतिहासिक धरोहरों का भी उल्लेख किया। कूनो और गांधीसागर में चीतों के संरक्षण के प्रयासों को भी सराहा। प्रधानमंत्री के पत्र पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आभार जताते हुए कहा कि उनकी सरकार किसान कल्याण, गरीबों के उत्थान, सिंचाई, जनजातीय विकास, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़ें…अर्नब के बाद अब मुरासु का खतरा! बंगाल की खाड़ी से उठे तूफान की पूरी कहानी समझिए








