Delhi AQI: दिवाली के बाद दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। हर साल की तरह इस बार भी त्योहार के बाद राजधानी की हवा में प्रदूषण तेजी से बढ़ा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया है। यह स्तर लोगों की सेहत के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है। सामान्य दिनों में भी दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में प्रदूषण का स्तर अधिक रहता है, लेकिन दिवाली के अगले दिन स्थिति और बिगड़ गई। ITO जैसे इलाके में AQI 406 दर्ज किया गया।
Delhi AQI: दिल्ली का AQI 955 तक पहुंचा
AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के अगले दिन सुबह दिल्ली का औसत AQI 955 दर्ज किया गया, जो गंभीर से भी अधिक खतरनाक श्रेणी में आता है। हालांकि, भारत की आधिकारिक वायु गुणवत्ता निगरानी एजेंसी CPCB के आंकड़े इससे काफी अलग रहे। CPCB के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे सोनिया विहार के निगरानी केंद्र पर AQI 463 और ITO में 406 दर्ज किया गया। ये दोनों ही गंभीर श्रेणी में आते हैं।सुबह के समय दिल्ली की सड़कों पर घना स्मॉग छाया रहा, जिससे कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई। राजीव चौक और साउथ एक्सटेंशन समेत राजधानी के कई हिस्सों में धुंध की मोटी परत दिखाई दी। प्रदूषण के इन हालात को देखते हुए आने वाले दिनों में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
1039 AQI का क्या मतलब है?
AQI का स्तर 1039 तक पहुंचने का मतलब है कि हवा में प्रदूषण की मात्रा बेहद खतरनाक हो गई है। खासतौर पर पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे सूक्ष्म कणों का स्तर काफी बढ़ जाता है। इस तरह की हवा में सांस लेना शरीर के लिए गंभीर नुकसानदायक हो सकता है। एक सामान्य अनुमान के मुताबिक, प्रदूषण के इतने अधिक स्तर पर सांस लेना रोजाना 40 से 50 सिगरेट पीने के बराबर नुकसान पहुंचा सकता है। इसका असर स्वस्थ लोगों के फेफड़ों, दिल और रक्त संचार प्रणाली पर भी पड़ सकता है। बच्चों, बुजुर्गों, अस्थमा के मरीजों और हृदय रोग से पीड़ित लोगों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से खतरनाक है।
Delhi AQI: इन इलाकों में सबसे ज्यादा प्रदूषण
CPCB के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई हिस्सों में प्रदूषण गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है। राजधानी में हवा की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए कुल 59 निगरानी केंद्र बनाए गए हैं। रविवार यानी दिवाली की सुबह 7:30 बजे तक इनमें से 24 केंद्रों पर AQI 400 से अधिक दर्ज किया गया।जहांगीरपुरी में पीएम 2.5 का स्तर 450 दर्ज किया गया, जो राजधानी के सबसे प्रदूषित इलाकों में शामिल रहा। वहीं, पंजाबी बाग में AQI 449, आरके पुरम में 448 और बवाना में 446 दर्ज किया गया। आईआईटी दिल्ली में AQI/पीएम 10 का स्तर 445 रहा। इसके अलावा रोहिणी में 445, एनएसआईटी द्वारका में 441, डीटीयू में 438 और जेएलएन स्टेडियम में 431 का स्तर दर्ज किया गया।

प्रदूषण से सेहत पर पड़ रहा असर
जब AQI 400 के पार पहुंच जाता है, तो हवा में मौजूद पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे छोटे कण सेहत के लिए गंभीर खतरा बन जाते हैं। पीएम 2.5 के कण इतने छोटे होते हैं कि सांस के जरिए फेफड़ों के अंदर तक पहुंच जाते हैं। इसके बाद ये रक्त संचार में शामिल होकर दिल और दिमाग को भी प्रभावित कर सकते हैं।प्रदूषण के मौजूदा स्तर का असर स्वस्थ लोगों पर भी पड़ सकता है। उन्हें सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन, गले में खराश और सीने में जकड़न जैसी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं, अस्थमा के मरीजों, बुजुर्गों, छोटे बच्चों और हृदय रोगियों के लिए यह स्थिति अधिक जोखिम भरी है। डॉक्टरों की सलाह है कि लोग इस दौरान घरों से बाहर निकलने से बचें। अगर किसी जरूरी काम से बाहर जाना पड़े, तो अच्छी गुणवत्ता वाला N95 मास्क पहनें।
Delhi AQI: GRAP-3 लागू, निर्माण कार्यों पर रोक
दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण यानी GRAP-3 लागू कर दिया है। इसके तहत कुछ जरूरी परियोजनाओं को छोड़कर निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े कामों पर प्रतिबंध लगाया गया है।प्रदूषण को कम करने के लिए सड़कों पर धूल रोकने के उद्देश्य से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। इसके साथ ही एंटी-स्मॉग गनों का इस्तेमाल भी बढ़ाया गया है। प्रदूषण फैलाने वाले और गैर-जरूरी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण लगाया गया है। छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हाइब्रिड और ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। हालांकि, दिल्ली के 24 से अधिक निगरानी केंद्रों पर AQI 400 के पार पहुंचने के बाद इन उपायों की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।
प्रदूषण के मुद्दे पर तेज हुई सियासत
राजधानी में बिगड़ती हवा को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद मनोज झा समेत विपक्ष के कई नेताओं ने केंद्र और दिल्ली सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हर साल अक्टूबर और नवंबर में प्रदूषण की समस्या गंभीर हो जाती है, फिर भी सरकार पूरे साल इससे निपटने के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाती? विपक्षी नेताओं ने यह भी कहा कि प्रदूषण के लिए केवल पराली जलाने या त्योहारों को जिम्मेदार ठहराकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।वहीं, दिल्ली सरकार के मंत्रियों का कहना है कि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि राजनीतिक फायदे के लिए त्योहारों और सांस्कृतिक परंपराओं को निशाना बनाकर एकतरफा माहौल तैयार किया जा रहा है।
Delhi AQI: दिल्ली को कब मिलेगी जहरीली हवा से राहत?
दिल्ली-NCR में प्रदूषण की समस्या अब केवल कुछ महीनों या मौसम तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह लोगों की सेहत के लिए लगातार गंभीर चुनौती बनती जा रही है। इस समस्या से निपटने के लिए केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और पड़ोसी राज्यों को मिलकर लंबे समय की योजना तैयार करनी होगी। वाहनों से निकलने वाले धुएं पर नियंत्रण, प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों पर सख्ती और उत्सर्जन से जुड़े नियमों को प्रभावी तरीके से लागू करना जरूरी है।जब तक पूरे साल प्रदूषण कम करने के लिए मिलकर प्रयास नहीं किए जाएंगे, तब तक दिल्ली के लोगों को हर साल दिवाली के बाद जहरीली हवा का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर लोगों की सेहत और स्वच्छ पर्यावरण को प्राथमिकता देना जरूरी है।
यह भी पढ़े- अन्नकूट पर भगवान कृष्ण को क्यों लगाया जाता है 56 भोग? जानिए सात दिन और आठ पहर की पूरी कथा








