Prashant Kishore JDU: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार की सत्तारूढ़ राजनीति और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भविष्य को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटने के बाद जेडीयू का राजनीतिक अस्तित्व संकट में पड़ सकता है। पार्टी के कुछ नेता बीजेपी में शामिल होंगे, जबकि कुछ जन सुराज या दूसरे राजनीतिक दलों का रुख कर सकते हैं।
नीतीश कुमार के नेतृत्व पर टिकी है जेडीयू की ताकत: प्रशांत किशोर
मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि जेडीयू की राजनीतिक ताकत काफी हद तक नीतीश कुमार के नेतृत्व और उनके कामकाज पर निर्भर रही है। उनके मुताबिक, नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से दूर होने के बाद पार्टी को एकजुट रखना मुश्किल हो सकता है। किशोर ने दावा किया कि जेडीयू के नेता फिलहाल सत्ता में होने के कारण एक साथ हैं। लेकिन नीतीश कुमार के हटने के बाद पार्टी के भीतर अलग-अलग गुट बन सकते हैं। उन्होंने संभावना जताई कि जेडीयू के कुछ विधायक और वरिष्ठ नेता बीजेपी में जा सकते हैं, जबकि कुछ नेता जन सुराज से जुड़ सकते हैं। कुछ अन्य दलों में भी जा सकते हैं।
निर्दलीय MLC के बीजेपी में शामिल होने पर उठाए सवाल
प्रशांत किशोर ने निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के बीजेपी में शामिल होने की खबरों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बिहार बीजेपी नेतृत्व की आलोचना करते हुए इसे राजनीतिक अपरिपक्वता बताया। किशोर ने सवाल उठाया कि क्या बीजेपी के नेताओं को निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी है। उन्होंने दावा किया कि निर्दलीय चुने गए सदस्य किसी राजनीतिक दल में शामिल होते हैं तो उनके सामने दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्यता का खतरा पैदा हो सकता है। उनके इस बयान पर राजनीतिक और कानूनी बहस की संभावना है।

Prashant Kishore JDU: सम्राट चौधरी पर भी साधा निशाना
प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने बिहार में अपराध, बेरोजगारी और गरीबी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाए। किशोर ने तंज कसते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री के हिसाब से बिहार में अपराध खत्म हो गया है और केवल क्राइम बाकी है, तो इसी तरह यह भी कहा जा सकता है कि बेरोजगारी खत्म हो गई है और सिर्फ अनइम्प्लॉयमेंट बचा है। गरीबी खत्म हो गई है और केवल पॉवर्टी बाकी है। उन्होंने बिहार की जनता के मुख्यमंत्री चुनने के फैसले पर भी टिप्पणी की। प्रशांत किशोर के इन बयानों से बिहार की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
ये भी पढ़े… भारत के जहाज होर्मुज से गुजरेंगे, लेकिन अमेरिका और ईरान के बीच कैसे फंस सकता है भारत?








