Home » राजनीति » यूपी में वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी, 18.84 लाख मतदाता बढ़े; 4 जनवरी को आएगी फाइनल सूची

यूपी में वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी, 18.84 लाख मतदाता बढ़े; 4 जनवरी को आएगी फाइनल सूची

UP Voter List 2027:

UP Voter List 2027: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय निर्वाचन आयोग ने मंगलवार, 17 नवंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी कर दिया है। राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार से अधिक का इजाफा हुआ है। यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों के लिए जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता दर्ज किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

UP Voter List 2027: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कितने पुरुष और महिला मतदाता?

उत्तर प्रदेश की नई ड्राफ्ट मतदाता सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, थर्ड जेंडर के मतदाताओं की संख्या 4,042 दर्ज की गई है। इसके अलावा, 18 से 19 वर्ष की आयु के 11 लाख 83 हजार 352 युवा मतदाताओं को भी सूची में जगह दी गई है।

UP Voter List 2027: 16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, पहले से दर्ज जानकारी में बदलाव कराने और किसी नाम पर आपत्ति दर्ज करने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया है। इस दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों की जांच की जाएगी। आयोग के अनुसार, 28 दिसंबर 2026 तक इनका निस्तारण कर दिया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। यह प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के 15 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के तहत पूरी की जा रही है। इसमें 1 जनवरी 2027 को पात्रता की आधार तिथि माना गया है। यानी इस तारीख तक निर्धारित आयु और अन्य जरूरी शर्तें पूरी करने वाले नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

पिछली वोटर लिस्ट के मुकाबले बढ़े 18.84 लाख मतदाता

10 अप्रैल 2026 को जारी अंतिम मतदाता सूची में उत्तर प्रदेश में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता दर्ज थे। इनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष, 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिलाएं और 4,206 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल थे। वहीं, नई ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है। इस तरह पिछली सूची के मुकाबले 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या में कमी आई है। पिछली सूची में इनकी संख्या 17 लाख 63 हजार 360 थी, जो अब घटकर 11 लाख 83 हजार 352 रह गई है।

महिला मतदाताओं के अनुपात में हुआ सुधार

नई ड्राफ्ट मतदाता सूची में महिला मतदाताओं के अनुपात में भी सुधार दर्ज किया गया है। पिछली सूची में हर 1,000 पुरुष मतदाताओं पर 834 महिलाएं थीं। वहीं, नई सूची में यह आंकड़ा बढ़कर 840 हो गया है। इस तरह यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी होने के साथ ही नाम जुड़वाने और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

यह भी पढ़े- आसाराम को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत, सजा के खिलाफ याचिका पर जनवरी में होगी सुनवाई