Home » उत्तर प्रदेश » मथुरा में BJP की बड़ी बैठक के बाद दिल्ली जाएंगे CM योगी, अमित शाह से हो सकती है मुलाकात

मथुरा में BJP की बड़ी बैठक के बाद दिल्ली जाएंगे CM योगी, अमित शाह से हो सकती है मुलाकात

Yogi Amit Shah Meeting:

Yogi Amit Shah Meeting: उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में बीजेपी के दिग्गज नेताओं का बड़ा मंथन चल रहा है। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के करीब 45 बड़े नेता शामिल हो रहे हैं। इस बीच खबर है कि बैठक खत्म होने के बाद सीएम योगी दिल्ली रवाना होंगे, जहां उनकी केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात हो सकती है।

Yogi Amit Shah Meeting: अमित शाह और नितिन नवीन से मिल सकते हैं योगी

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम मथुरा में बैठक के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे। यहां उनकी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात हो सकती है। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल सीएम योगी मथुरा में मौजूद हैं, जहां सोमवार से ही 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया जा रहा है। बैठक में दोनों डिप्टी सीएम, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री बीएल संतोष और यूपी चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

Yogi Amit Shah Meeting: 2027 चुनाव के लिए किन मुद्दों पर हो रहा मंथन?

मथुरा में चल रही बीजेपी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो रही है। इनमें चुनावी तालमेल, टिकट वितरण, सोशल मीडिया रणनीति और विपक्ष के पीडीए नैरेटिव का जवाब देने जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा SIR के दौरान मतदाता सूची से कटे नामों का मुद्दा भी बैठक के एजेंडे में शामिल बताया जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाकर चुनावी तैयारियों को मजबूत करना है।

बीजेपी के मथुरा मंथन का क्या है फोकस?

बीजेपी की इस बैठक में राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों को साधने के साथ जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। पार्टी के सामने प्रमुख लक्ष्य हैं:

– परंपरागत वोटबैंक को एकजुट रखना।
– पिछड़े और दलित मतदाताओं को पार्टी से जोड़े रखना।
– बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाना।
– पन्ना प्रमुख व्यवस्था को मजबूत करना।
– सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना।
– सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाना।

केशव मौर्य ने अखिलेश यादव को दी चुनौती

बीजेपी की मथुरा बैठक के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का बयान भी चर्चा में है। उन्होंने कहा, “अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है।” इसके साथ ही केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को मथुरा में भव्य कृष्ण मंदिर के निर्माण के लिए साथ आकर कारसेवा करने की चुनौती दी है। उनके इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। अयोध्या और काशी के बाद मथुरा का मुद्दा भी प्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका निभा सकता है।

यूपी में हैट्रिक लगाएगी बीजेपी: केशव मौर्य

केशव प्रसाद मौर्य ने मिशन 2027 को लेकर भी बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव के सपने चूर-चूर होंगे। ऐसे में मथुरा में बीजेपी के शीर्ष नेताओं का जुटना और बैठक के बाद सीएम योगी का दिल्ली दौरा राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि मथुरा के मंथन के बाद पार्टी 2027 के चुनाव को लेकर क्या रणनीति सामने रखती है।

यह भी पढ़े- फॉर्म-6 क्या है, जिस पर अखिलेश यादव ने भाजपा और अधिकारियों को चेताया? समझिए पूरा मामला