Home » स्पोर्ट्स » MS Dhoni: IPL में अब नई भूमिका में नजर आएंगे धोनी, CSK ने बनाया टीम मेंटर

MS Dhoni: IPL में अब नई भूमिका में नजर आएंगे धोनी, CSK ने बनाया टीम मेंटर

MS Dhoni:

MS Dhoni: महेंद्र सिंह धोनी को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने बड़ा ऐलान किया है। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि धोनी अब टीम में मेंटर की भूमिका निभाएंगे। सीएसके ने उन्हें सदियों में एक बार आने वाला खिलाड़ी बताते हुए उनके नए रोल का ऐलान किया। धोनी शुरुआत से ही चेन्नई सुपर किंग्स का अहम हिस्सा रहे हैं और उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को कई बड़ी सफलताएं दिलाई हैं।

MS Dhoni: CSK ने सोशल मीडिया पर किया नए रोल का ऐलान

चेन्नई सुपर किंग्स ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “एक ऐसा खिलाड़ी, जो सदियों में एक बार आता है। एक नई भूमिका और एक ऐसा रिश्ता, जो हमेशा कायम रहेगा। महेंद्र सिंह धोनी अब चेन्नई सुपर किंग्स के टीम मेंटर की भूमिका निभाएंगे।” फ्रेंचाइजी ने आगे लिखा कि अनगिनत जीत, मुश्किल दौर और यादों के साथ एमएस धोनी शुरुआत से ही उसके सफर का अहम हिस्सा रहे हैं। टीम को जीत की बुलंदियों तक पहुंचाने से लेकर अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने तक धोनी हमेशा उसकी पहचान का हिस्सा रहेंगे।

MS Dhoni: CSK की ऑनर रूपा गुरुनाथ ने धोनी की जमकर तारीफ की

सीएसके की ऑनर रूपा गुरुनाथ ने भी एमएस धोनी के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि धोनी जैसा खिलाड़ी सदियों में एक बार आता है। फ्रेंचाइजी खुद को खुशकिस्मत मानती है कि धोनी शुरुआत से ही टीम के साथ जुड़े रहे और उन्होंने इसकी नींव रखी। उन्होंने आगे कहा कि धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सिर्फ एक दिग्गज खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि उन्होंने मैदान के अंदर और बाहर टीम को बहुत कुछ दिया है। उनकी नेतृत्व क्षमता, विनम्रता, प्रतिबद्धता और करोड़ों प्रशंसकों के साथ उनका जुड़ाव बेहद खास है। रूपा गुरुनाथ के मुताबिक, धोनी मेंटर के तौर पर CSK परिवार का हिस्सा बने रहेंगे। उनका अनुभव और विशेषज्ञता टीम के लिए काफी मूल्यवान होगी। खासकर बदलाव के इस दौर में युवा खिलाड़ियों को उनका मार्गदर्शन अगली पीढ़ी तैयार करने में मदद करेगा।

2008 से चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं धोनी

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआत साल 2008 में हुई थी और तभी से महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे हैं। हालांकि, 2016 और 2017 में सीएसके पर प्रतिबंध लगने के कारण धोनी को राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से खेलना पड़ा था। साल 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स की वापसी के साथ धोनी भी टीम में लौट आए। इसके बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी के साथ कई यादगार उपलब्धियां हासिल कीं।

CSK मैनेजमेंट ने भी धोनी के योगदान को सराहा

चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने भी धोनी की तारीफ की। सीएसके की वेबसाइट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि एक क्रिकेटर के तौर पर धोनी ने जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे हर प्रशंसक की यादों में हमेशा दर्ज रहेंगी। उन्होंने कहा कि धोनी को वास्तव में खास बनाती है उनकी यह खूबी कि वह पूरी तरह चेन्नई के हो गए। उन्होंने इस शहर को अपनाया और शहर ने भी उन्हें अपना मान लिया।

यह भी पढ़े- यूपी में वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी, 18.84 लाख मतदाता बढ़े; 4 जनवरी को आएगी फाइनल सूची