Home » राजनीति » करतारपुर साहिब जाएंगे CM भगवंत मान? दर्शन के लिए केंद्र सरकार से मांगी अनुमति

करतारपुर साहिब जाएंगे CM भगवंत मान? दर्शन के लिए केंद्र सरकार से मांगी अनुमति

Bhagwant Mann:

Bhagwant Mann: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जल्द ही पाकिस्तान स्थित श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारे के दर्शन करने जा सकते हैं। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार के विदेश मंत्रालय से आधिकारिक अनुमति मांगी है। आम आदमी पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मान ने पाकिस्तान के नारोवाल जिले में स्थित गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब करतारपुर जाने की इच्छा जताई है। हालांकि, अभी तक विदेश मंत्रालय की ओर से इस संबंध में कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।

Bhagwant Mann: विदेश मंत्रालय से मांगी आधिकारिक अनुमति

बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार से अनुमति मिलने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान करतारपुर कॉरिडोर के रास्ते गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब पहुंचकर माथा टेकेंगे। श्री करतारपुर साहिब सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी से जुड़ा बेहद पवित्र धार्मिक स्थल है। भारत और पाकिस्तान के बीच बनाए गए करतारपुर कॉरिडोर के माध्यम से भारतीय श्रद्धालु बिना वीजा के इस गुरुद्वारे के दर्शन कर सकते हैं।

Bhagwant Mann: पंजाब में कल्याणकारी योजनाएं जारी रखने का किया वादा

इस बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को दोहराया कि आम आदमी पार्टी की सरकार रहने तक राज्य में सभी प्रमुख कल्याणकारी गारंटी जारी रहेंगी। जालंधर के डोनेवाल में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल के शासनकाल पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन राजनीतिक दलों ने दशकों तक पंजाब पर शासन किया और जिनके कार्यकाल में राज्य में नशे की समस्या बढ़ी, वे अब बदलाव के वादे कर रहे हैं। उन्होंने सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, कल्याणकारी योजनाओं और राज्य में चल रहे विकास कार्यों का भी जिक्र किया।

विपक्षी दलों पर CM मान ने लगाए गंभीर आरोप

एक जनसभा को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने विपक्षी दलों पर पंजाब और उसके संसाधनों का शोषण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने अपने शासनकाल में राज्य का अंग्रेजों से भी ज्यादा बेरहमी से शोषण किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने पंजाब और यहां के लोगों के साथ विश्वासघात किया है। मुख्यमंत्री ने अकाली दल पर निशाना साधते हुए गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का मुद्दा उठाया। उन्होंने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) पर भी अकालियों के प्रभाव में काम करने का आरोप लगाया। भगवंत मान ने कहा कि विपक्षी दलों के नेता आपस में मिले हुए हैं और सत्ता में रहते हुए एक-दूसरे के हितों को साधने के लिए ‘म्यूजिकल चेयर’ का खेल खेलते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में पंजाब की जनता इन राजनीतिक दलों को उनके शासनकाल का जवाब देगी।

यह भी पढ़े- आजम खान डासना जेल से हुए रिहा, समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत