Rahul Gandhi Colombia: दुनिया में मान्य आदर्श राजनीति (Ideal Politics) की बात करें तो सामान्य तौर पर घरेलू मुद्दों को विदेशी धरती पर उठाना उचित नहीं समझा जाता है।जिम्मेदार राजनेताओं से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने देश के आंतरिक मतभेदों को देश की सीमाओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं के भीतर ही सुलझाने की कोशिश करें। भारत की राजनीतिक संस्कृति भी यही भावना रखती है। यहां इस बात पर व्यापक रूप से सहमति रही है कि राजनीतिक विरोध कितना भी गहरा क्यों न हो, देश के महत्वपूर्ण मुद्दों को देश की सीमाओं के बाहर यानी विदेशी धरती पर ले जाना उचित नहीं है।ऐसे में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच के विवादों और चुनावी मुद्दों को देश के भीतर ही सुलझा लिया जाए, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर देश के भीतर ही बहस हो जाए, तो बेहतर होगा।
Rahul Gandhi Colombia: दुनिया में देश की अच्छी छवि जाएगी?
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी इस समय विदेशी दौरे पर हैं। न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद के दौरान उन्होंने भारत के राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर कुछ ऐसी बातें कही जिनसे देश की सियासत में बवाल मचना स्वाभाविक था।राहुल गांधी ने विदेशी जमीन पर एक बार फिर ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाया है। उन्होंने दावा किया कि 14 करोड़ वोटरों के नाम काटे गए, उनके पास चुनावों में धांधली और ‘वोट चोरी’ के सबूत हैं। क्या उनका घरेलू राजनीतिक लड़ाई को विदेशी धरती पर हवा देना उचित है? हालांकि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के लोग तर्क दे सकते हैं कि दुनिया के सामने अपनी बात रखना या विचार व्यक्त करना लोकतांत्रिक अधिकार है। वे यह भी दलील दे सकते हैं कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे, संविधान और संस्थाओं की रक्षा के लिए अपनी बात किसी भी मंच पर रखी जा सकती है, लेकिन सवाल यह है कि क्या इससे दुनिया में देश की अच्छी छवि जाएगी? जिन समस्याओं का समाधान अपने देश में सभव है, उन्हें दूसरी धरती पर उठाने की भला क्या जरूरत है? यदि राहुल गांधी के पास वोट चोरी के पुख्ता सबूत हैं, तो वे सर्वोच्च न्यायालय में पेश कर सकते हैं। राष्ट्रपति से मिलकर उन्हें उपलब्ध करा सकते हैं, ऐसा करने में उन्हें संकोच क्यों है?
Rahul Gandhi Colombia: अर्थव्यवस्था पर गंभीर सवाल क्यों?
वोट चोरी के साथ ही विपक्ष के नेता ने भारत की अर्थव्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जबकि वर्तमान में भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बनी हुई है। जहां वास्तविक जीडीपी ग्रोथ 7.8 प्रतिशत और नॉमिनल ग्रोथ 9 प्रतिशत से अधिक है।नॉमिनल जीडीपी के आधार पर भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जबकि क्रय शक्ति समानता (PPP) के आधार पर यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। इस मामले में राहुल गांधी ने अपने विरोधियों को हमले का मौका दे दिया है। भाजपा और एनडीए के दल उनके खिलाफ तीखा रोष व्यक्त कर रहे हैं। यह राहुल गांधी के विवेक पर निर्भर करता है कि वे कैसे अपनी राजनीति को धार दे सकते हैं, लेकिन उनसे इतनी अपेक्षा तो की ही जा सकती है कि वे देश की समस्याओं का समाधान देश के भीतर ही करवाने की कोशिश करें, तो बेहतर होगा।
सुभाष चौधरी
संपादक
khabarindiatv
यह भी पढ़े- UP चुनाव 2027: क्या सपा के साथ गठबंधन करेगी कांग्रेस? राहुल गांधी ने दिया बड़ा संकेत








