PUC Rules 2026: वाहन मालिकों के लिए बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की वैधता को लेकर नए नियम जारी कर दिए हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने 13 नवंबर 2026 को केंद्रीय मोटर वाहन (सोलहवां संशोधन) नियम, 2026 अधिसूचित किए हैं। ये नियम गजट में प्रकाशित होने की तारीख से लागू हो गए हैं। नए नियमों के तहत अब वाहनों के एमिशन नॉर्म्स और उनकी उम्र के आधार पर PUC सर्टिफिकेट की वैधता तय होगी। सबसे बड़ा बदलाव पुरानी गाड़ियों के लिए किया गया है, जबकि नई BS-VI गाड़ियों के मालिकों को राहत दी गई है।
PUC Rules 2026: पुरानी गाड़ियों के लिए PUC के नियम हुए सख्त
नई अधिसूचना के अनुसार, BS-I, BS-II और BS-III एमिशन नॉर्म्स वाली सभी मोटर गाड़ियों का PUC सर्टिफिकेट अब केवल 3 महीने के लिए वैध रहेगा। यानी इन गाड़ियों के मालिकों को साल में चार बार प्रदूषण जांच करानी होगी। वहीं, BS-IV नॉर्म्स वाली गाड़ियों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता 6 महीने निर्धारित की गई है। बता दें कि BS-IV नॉर्म्स 2017 से 2020 तक लागू थे। इसके बाद भारत ने BS-V को छोड़कर सीधे 1 अप्रैल 2020 से BS-VI एमिशन नॉर्म्स लागू कर दिए थे। सरकार का मानना है कि पुरानी गाड़ियां अपेक्षाकृत अधिक प्रदूषण फैलाती हैं। इसलिए इनकी नियमित जांच जरूरी है।
PUC Rules 2026: BS-VI गाड़ियों को मिली बड़ी राहत
नए नियमों में BS-VI मानक वाली निजी यानी नॉन-ट्रांसपोर्ट गाड़ियों के मालिकों को राहत दी गई है। अब इन गाड़ियों के PUC सर्टिफिकेट की वैधता उनकी उम्र के हिसाब से तय होगी।
– 0 से 6 साल पुरानी गाड़ी: PUC सर्टिफिकेट 3 साल तक वैध रहेगा।
– 6 से 10 साल पुरानी गाड़ी: PUC हर 1 साल में रिन्यू कराना होगा।
– 10 साल से ज्यादा पुरानी गाड़ी: PUC हर 6 महीने में रिन्यू कराना होगा।
पहले नई BS-VI निजी गाड़ियों के लिए भी PUC सर्टिफिकेट की वैधता एक साल थी। नए नियमों से नई गाड़ियों के मालिकों को बार-बार प्रदूषण जांच कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कमर्शियल गाड़ियों के लिए क्या हैं नए नियम?
BS-VI मानक वाली कमर्शियल यानी ट्रांसपोर्ट गाड़ियों के लिए PUC की वैधता के नियम अलग रखे गए हैं। इनकी वैधता भी वाहन की उम्र के आधार पर तय होगी।
– 0 से 6 साल पुरानी गाड़ी: PUC 2 साल तक वैध रहेगा।
– 6 से 10 साल पुरानी गाड़ी: PUC 1 साल तक वैध रहेगा।
– 10 साल से ज्यादा पुरानी गाड़ी: PUC 6 महीने तक वैध रहेगा।
इस तरह निजी और कमर्शियल BS-VI गाड़ियों के लिए अलग-अलग वैधता अवधि निर्धारित की गई है।
पुराने PUC सर्टिफिकेट का क्या होगा?
सरकार ने पुराने PUC सर्टिफिकेट को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर दी है। नए नियम लागू होने से पहले जारी किए गए सर्टिफिकेट अपनी मौजूदा वैधता अवधि तक मान्य रहेंगे। नए नियम तब लागू होंगे, जब वाहन मालिक अपने पुराने PUC सर्टिफिकेट को पहली बार रिन्यू कराएंगे। यानी अगर आपके पास अभी वैध PUC सर्टिफिकेट है, तो आपको तुरंत नया टेस्ट कराने की जरूरत नहीं है।
बिना PUC पकड़े गए तो कितना लगेगा जुर्माना?
मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैध PUC सर्टिफिकेट के बिना गाड़ी चलाना अपराध है। ऐसे में वाहन मालिकों को जुर्माना भरना पड़ सकता है।
– पहली बार पकड़े जाने पर: 1,000 रुपये तक का जुर्माना।
– दूसरी बार पकड़े जाने पर: 2,000 रुपये तक का जुर्माना।
इसके अलावा, नियमों के तहत वाहन के खिलाफ अन्य कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
वाहन मालिक कैसे चेक करें अपनी गाड़ी का PUC?
नए नियम लागू होने के बाद वाहन मालिकों के लिए अपनी गाड़ी के एमिशन नॉर्म्स और उम्र की जानकारी रखना जरूरी है। इसके लिए कुछ आसान कदम उठा सकते हैं।
1. सबसे पहले अपने वाहन के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) में देखें कि गाड़ी BS-I, BS-II, BS-III, BS-IV या BS-VI में से किस मानक की है।
2. इसके बाद गाड़ी की उम्र चेक करें।
3. अपने PUC सर्टिफिकेट की एक्सपायरी डेट देखें।
4. एक्सपायरी से पहले नजदीकी अधिकृत PUC केंद्र पर प्रदूषण जांच कराएं।
5. PUC सर्टिफिकेट की डिजिटल कॉपी DigiLocker या mParivahan ऐप में सेव करके रखें।
कुल मिलाकर, सरकार के नए नियमों का उद्देश्य नई और कम प्रदूषण फैलाने वाली गाड़ियों को राहत देना और पुरानी गाड़ियों पर प्रदूषण के लिहाज से सख्त निगरानी रखना है। ऐसे में वाहन मालिकों को अपनी गाड़ी के एमिशन नॉर्म्स और उम्र के अनुसार PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।
यह भी पढ़े- ‘माफियागिरी दिखाई तो मिट्टी में मिला देंगे’, बच्चे की मौत पर CM योगी की सपा को चेतावनी








