Home » मौसम » कल का मौसम: दिल्ली-UP में कोहरा और ठंड, 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट

कल का मौसम: दिल्ली-UP में कोहरा और ठंड, 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट

Weather Update:

Weather Update: देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तर भारत में पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिखाई देने लगा है। दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में ठंड बढ़ने के साथ सुबह के समय कोहरा छाने लगा है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात अकवान के चलते कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग (IMD) ने 20 नवंबर 2026 के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और झारखंड समेत देश के 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानते हैं कि कल देशभर में मौसम कैसा रहने वाला है।

Weather Update: दिल्ली-NCR में ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार

पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR में तापमान लगातार गिर रहा है। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता भी खराब होती जा रही है, जिससे लोगों को ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। दिल्ली में आज इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान गिरकर 10.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर को दिल्ली-NCR में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, सुबह के समय अधिकांश इलाकों में हल्का और कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा छा सकता है। ठंड बढ़ने के कारण हवा में मौजूद प्रदूषक कण जमीन के करीब जमा हो रहे हैं। इससे दिल्ली की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 350 के पार पहुंच गया है। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। दिल्ली के प्रमुख प्रदूषित इलाकों में पूसा का AQI 368, सिरीफोर्ट का 363, जहांगीरपुरी का 359 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 350 दर्ज किया गया। इसके अलावा चांदनी चौक और CRRI मथुरा रोड में 347, DTU में 344, बुराड़ी क्रॉसिंग में 320 और छावला में AQI 320 रहा।

Weather Update: यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में 20 नवंबर को बारिश की कोई संभावना नहीं है। राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, मौसम विभाग ने घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, 20 से 22 नवंबर के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों में भी घना कोहरा छाने की संभावना है। बिहार में भी तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ सकता है। सुबह और रात के समय लोगों को ठंड का अधिक एहसास होगा।

14 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर को देश के 14 राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और झारखंड समेत कई राज्य शामिल हैं। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के कारण पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इन राज्यों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़े- मोदी, अमित शाह, नितिन नवीन और बीएल संतोष की बैठक, यूपी 2027 का क्या है प्लान?