Neha Bisht Case: दिल्ली के मधु विहार में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट के घर जबरन घुसे एक युवक की पिटाई के बाद मौत हो गई। युवक की पहचान अभिनव के रूप में हुई है, जो नेहा से शादी करने की जिद कर रहा था। घटना के करीब एक हफ्ते बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में नेहा के पिता वीरेंद्र बिष्ट और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है।
Neha Bisht Case: शादी करने की जिद में नेहा के घर घुसा युवक
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला अभिनव चेन्नई की एक निजी कंपनी में काम करता था। वह 7 नवंबर को पूर्वी दिल्ली के मधु विहार स्थित नेहा बिष्ट के घर पहुंचा और जबरन अंदर घुस गया। उस समय नेहा घर पर ही मौजूद थीं। आरोप है कि अभिनव ने नेहा से शादी करने की जिद की। इस घटना के बाद नेहा के परिवार वाले और कुछ पड़ोसी नाराज हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचना देने से पहले अभिनव की बुरी तरह पिटाई कर दी।
Neha Bisht Case: इलाज के दौरान अस्पताल में हुई युवक की मौत
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो अभिनव की पीठ और दाहिने पैर पर गंभीर चोटें थीं। उसे इलाज के लिए राजीव गांधी अस्पताल भेजा गया। हालांकि, करीब एक सप्ताह तक इलाज चलने के बाद 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
नेहा बिष्ट से एकतरफा प्यार करता था अभिनव?
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि अभिनव लगातार नेहा बिष्ट के सोशल मीडिया कंटेंट देखता था। धीरे-धीरे उसके मन में नेहा के प्रति एकतरफा भावनाएं पैदा हो गई थीं। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले भी वह एक फैन के तौर पर नेहा के घर पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, नेहा की किसी दूसरे व्यक्ति से होने वाली शादी को लेकर अभिनव परेशान था। हालांकि, नेहा उसे व्यक्तिगत रूप से नहीं जानती थीं।
नेहा के पिता और पड़ोसी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए नेहा बिष्ट के पिता वीरेंद्र बिष्ट और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर युवक की पिटाई से जुड़ा आरोप है। वहीं, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
कौन हैं नेहा बिष्ट?
नेहा बिष्ट सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उनकी रील्स पर लाखों व्यूज आते हैं। हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपनी सगाई और होने वाली शादी से जुड़े वीडियो भी साझा किए थे।
यह भी पढ़े- कृषि भवन की 100 साल पुरानी मस्जिद पर विवाद, 23 नवंबर को दिल्ली HC में सुनवाई








