Baba Ramdev: योग गुरु बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर शुरू हुआ विवाद लगातार चर्चा में है। अब बाबा रामदेव ने हरिद्वार में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक बार फिर इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है। उन्होंने सनातन धर्म के नाम पर आपसी तनातनी नहीं फैलाने की नसीहत देते हुए कहा कि भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए बयान से उन्हें काफी दुख पहुंचा था। इसी वजह से उन्होंने बाबा बागेश्वर को अधिकारपूर्वक डांटा था। रामदेव ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने उनकी बात को सहजता से स्वीकार किया है और समर्थकों को आपस में नहीं उलझना चाहिए।
भगवान कृष्ण पर बयान से आहत थे बाबा रामदेव
बाबा रामदेव ने कहा कि इस विवाद के दौरान उनकी बाबा बागेश्वर से बातचीत हुई थी। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री से कहा कि देवी-देवताओं के बीच तुलना करना और ऐसी टिप्पणियां करना, जिनसे किसी भगवान का अपमान हो, सनातन परंपरा का हिस्सा नहीं है। रामदेव के मुताबिक, भगवान कृष्ण पर की गई टिप्पणी से उन्हें काफी दुख पहुंचा था। इसी कारण उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि देवताओं, जातियों और धर्मों के नाम पर भेदभाव समाज को तोड़ने का काम करता है।
Baba Ramdev: धीरेंद्र शास्त्री ने दिया था पलटवार
इससे पहले बाबा रामदेव की टिप्पणी पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी प्रतिक्रिया दी थी। जमशेदपुर में रामदेव की ओर से की गई आलोचना के बाद उन्होंने पठानकोट में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव उनसे बड़े हैं और वह उनका दिया हुआ आशीर्वाद स्वीकार करते हैं। धीरेंद्र शास्त्री ने यह भी कहा कि रामदेव एक संत हैं और कुछ समय पहले तक उनकी तारीफ करते थे। अब वह जो चाहें कह सकते हैं।
राम और कृष्ण की तुलना पर क्यों नाराज हुए रामदेव?
बाबा रामदेव ने भगवान राम और भगवान कृष्ण के बीच तुलना किए जाने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि दोनों देवताओं की तुलना नहीं होनी चाहिए। साथ ही सनातन धर्म के नाम पर पाखंड को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने धर्म के नाम पर बयानबाजी करने वालों को नसीहत देते हुए कहा था कि पहले खुद को बचाकर दिखाएं।
Baba Ramdev: क्या था धीरेंद्र शास्त्री का पूरा बयान?
विवाद की शुरुआत मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित एक धार्मिक कथा के दौरान हुई थी। यहां धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और भगवान कृष्ण की विशेषताओं का वर्णन करते हुए तुलना की थी। उन्होंने भगवान राम के सीधे खड़े होने और चलने का जिक्र किया, जबकि भगवान कृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा और वृंदावन का वर्णन करने के लिए टेढ़े शब्द का इस्तेमाल किया था। इसी टिप्पणी पर विवाद शुरू हुआ। अब बाबा रामदेव ने समर्थकों से इस मुद्दे पर आपसी विवाद से बचने और सनातन धर्म की एकता बनाए रखने की अपील की है।
ये भी पढ़ें…असम में पार्टी के दौरान भिड़े दो वरिष्ठ IPS अधिकारी, मारपीट








