Breaking News
Home » एक्सप्लनेर » खजुराहो के मंदिर सिर्फ कामुक मूर्तियों के लिए क्यों नहीं हैं मशहूर? 85 मंदिरों से 23 तक पहुंचने की पूरी कहानी समझिए

खजुराहो के मंदिर सिर्फ कामुक मूर्तियों के लिए क्यों नहीं हैं मशहूर? 85 मंदिरों से 23 तक पहुंचने की पूरी कहानी समझिए

Khajuraho Temples: मध्य प्रदेश के खजुराहो का नाम आते ही अक्सर लोगों के दिमाग में मंदिरों की दीवारों पर बनी कामुक मूर्तियों की तस्वीर उभरती है। लेकिन खजुराहो की पहचान सिर्फ इन मूर्तियों तक सीमित नहीं है। यहां के मंदिर भारतीय स्थापत्य कला, धार्मिक परंपराओं, दर्शन और मध्यकालीन समाज की जीवनशैली का अनूठा दस्तावेज हैं। इनकी दीवारों पर देवी-देवताओं के साथ नर्तक, संगीतकार, योद्धा, राजदरबार और आम जीवन के दृश्य भी उकेरे गए हैं।

10वीं से 12वीं सदी के बीच चंदेल राजाओं ने यहां भव्य मंदिरों का निर्माण कराया था। ऐतिहासिक विवरणों में खजुराहो में करीब 85 मंदिर होने का उल्लेख मिलता है, लेकिन आज इनमें से लगभग 23 मंदिर ही बचे हैं। कभी धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा यह इलाका 16वीं सदी तक गुमनामी में चला गया। करीब तीन सौ साल बाद 19वीं सदी में ब्रिटिश इंजीनियर कैप्टन टीएस बर्ट के विवरण के बाद दुनिया का ध्यान एक बार फिर इन मंदिरों की ओर गया।

हाल ही में जवारी मंदिर में भगवान विष्णु की बिना सिर वाली प्रतिमा का सिर एएसआई के एक भंडार में मिलने की खबर ने भी खजुराहो को चर्चा में ला दिया है। इसे दोबारा जोड़ने की योजना की खबरों के बीच आइए समझते हैं कि खजुराहो के मंदिर किसने बनवाए, इनका धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व क्या है और 85 मंदिरों वाला यह शहर कैसे गुमनामी में खो गया।

चंदेल राजाओं ने क्यों बनवाए थे खजुराहो के मंदिर?

खजुराहो का इतिहास काफी पुराना माना जाता है। यहां पाषाण काल और नवपाषाण काल से जुड़े अवशेष मिले हैं, हालांकि 900 ईस्वी से पहले यहां किसी बस्ती के होने के पुख्ता प्रमाण नहीं मिलते। लेखिका देवांगना देसाई अपनी पुस्तक ‘खजुराहो’ में बताती हैं कि यहां मंदिरों का निर्माण लगभग 900 ईस्वी के आसपास शुरू हुआ था।

उस समय चंदेल परिवार के स्थानीय सरदार अपनी राजनीतिक ताकत और संपत्ति बढ़ा रहे थे। धीरे-धीरे चंदेल उत्तर भारत के एक प्रभावशाली राजवंश के रूप में उभरे। इसी दौर में खजुराहो मंदिर निर्माण और कला का बड़ा केंद्र बन गया। लेखक सतीश शर्मा अपनी पुस्तक ‘खजुराहो: ओडिसी ऑफ स्टोन पोएट्री’ में बताते हैं कि खजुराहो के ज्यादातर मंदिर 10वीं और 11वीं सदी में चंदेल शासकों ने बनवाए। इन मंदिरों के निर्माण के पीछे धार्मिक आस्था के साथ-साथ राजसत्ता और प्रतिष्ठा दिखाने की मंशा भी थी।

दरअसल, मध्यकाल में मंदिर केवल पूजा के स्थान नहीं होते थे। वे किसी शासक की आर्थिक क्षमता, राजनीतिक प्रभाव और सांस्कृतिक उपलब्धियों को भी प्रदर्शित करते थे। खजुराहो के हिंदू और जैन मंदिर इसी परंपरा की मिसाल हैं। यहां की वास्तुकला बताती है कि उस दौर में धर्म, कला और राजसत्ता एक-दूसरे से कितनी गहराई से जुड़े थे।

Khajuraho Temples:  करीब 85 मंदिरों वाला खजुराहो कैसे हुआ गुमनाम?

ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, अपने वैभव के दौर में खजुराहो लगभग 13 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ था और यहां करीब 85 मंदिर थे। चंदेल राजाओं की राजनीतिक शक्ति कम होने के बाद भी खजुराहो का धार्मिक महत्व तुरंत खत्म नहीं हुआ।

लेखिका देवांगना देसाई के मुताबिक, 14वीं सदी तक यह एक प्रमुख धार्मिक केंद्र बना रहा। हालांकि, 16वीं सदी आते-आते खजुराहो धीरे-धीरे गुमनामी में चला गया। इसकी चर्चा ऐतिहासिक दस्तावेजों में भी कम होती गई। खजुराहो के गुमनाम होने के पीछे राजनीतिक परिस्थितियों और सत्ता के केंद्रों में बदलाव को अहम वजह माना जाता है। चंदेल राजवंश कमजोर हुआ और दूसरे क्षेत्रों का राजनीतिक महत्व बढ़ता गया। इसके साथ ही खजुराहो का पुराना वैभव भी घटने लगा।

करीब 300 साल बाद दुनिया को कैसे पता चला खजुराहो का महत्व?

लगभग तीन सौ साल तक गुमनामी में रहने के बाद 19वीं सदी में खजुराहो एक बार फिर चर्चा में आया। फरवरी 1838 में ब्रिटिश इंजीनियर कैप्टन टीएस बर्ट ने इन मंदिरों के बारे में सुना। इसके बाद वे रातभर पालकी से सफर करके खजुराहो पहुंचे।

यहां पहुंचकर उन्होंने पश्चिमी समूह के मंदिरों को देखा और उनका विवरण तैयार किया। 1839 में उनकी रिपोर्ट ‘जर्नल ऑफ द एशियाटिक सोसाइटी ऑफ बंगाल’ में प्रकाशित हुई। खजुराहो के मंदिरों के बारे में यूरोपीय दुनिया तक पहुंचने वाले शुरुआती विवरणों में यह रिपोर्ट भी शामिल थी। टीएस बर्ट मंदिरों की भव्यता से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने लिखा कि शायद पूरे भारत में एक ही स्थान पर इतने शानदार मंदिरों का इतना बड़ा समूह कहीं और नहीं मिलेगा।

Khajuraho Temples
                                                    Khajuraho Temples

इसके बाद इन मंदिरों के संरक्षण की कोशिशें भी शुरू हुईं। 1843 से 1847 के बीच छतरपुर के महाराजा प्रताप सिंह ने मंदिरों की बड़े पैमाने पर मरम्मत कराई। इसके बाद 1852 में अलेक्जेंडर कनिंघम ने खजुराहो का दौरा किया। वे 1864-65 में भी यहां पहुंचे और मंदिरों का विस्तृत अध्ययन किया।

कनिंघम की रिपोर्ट आज भी खजुराहो के इतिहास को समझने का महत्वपूर्ण स्रोत मानी जाती है। इसी दौर में मंदिरों के चित्र और तस्वीरें तैयार की गईं। 1852 में मेजर फ्रेडरिक चार्ल्स मेसी ने मंदिरों के शुरुआती चित्र बनाए। बाद में लाला दीन दयाल ने इस इलाके की तस्वीरें खींचीं।

Khajuraho Temples: खजुराहो के मंदिर कितने समूहों में बंटे हैं?

खजुराहो के मंदिरों को उनकी भौगोलिक स्थिति के आधार पर मुख्य रूप से तीन समूहों में बांटा जाता है- पश्चिमी, पूर्वी और दक्षिणी समूह। पुरातत्वविद् अलेक्जेंडर कनिंघम ने अपने अध्ययन में यहां मंदिरों के तीन प्रमुख केंद्रों का उल्लेख किया था।

पश्चिमी समूह: खजुराहो के सबसे भव्य और प्रसिद्ध मंदिर इसी समूह में हैं। इनमें लक्ष्मण मंदिर, कंदारिया महादेव मंदिर, विश्वनाथ मंदिर, वराह मंदिर, देवी मंदिर और पार्वती मंदिर शामिल हैं। यह समूह अपनी भव्य वास्तुकला और बारीक मूर्तिकला के लिए जाना जाता है। इस समूह के मंदिर हिंदू परंपरा से जुड़े हैं।

पूर्वी समूह: इस समूह में जवारी मंदिर प्रमुख है। इसी मंदिर में भगवान विष्णु की प्रसिद्ध बिना सिर वाली प्रतिमा मौजूद है। इसके अलावा यहां हनुमान और शिव को समर्पित मंदिर भी हैं। पूर्वी समूह में जैन धर्म से जुड़े मंदिर भी शामिल हैं। दक्षिणी समूह: इस समूह में दुलादेव और चतुर्भुज मंदिर प्रमुख हैं। ये मंदिर भी खजुराहो की स्थापत्य परंपरा और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

इन मंदिरों की बनावट में पंचायतन शैली का भी उदाहरण मिलता है। लक्ष्मण और विश्वनाथ मंदिर इस शैली के प्रमुख उदाहरण हैं। पंचायतन शैली में मुख्य मंदिर के चबूतरे के चारों कोनों पर चार छोटे मंदिर बनाए जाते हैं।

खजुराहो की मूर्तियां सिर्फ कामुक चित्रण तक सीमित क्यों नहीं हैं?

खजुराहो के मंदिरों की सबसे बड़ी खासियत उनकी जीवंत मूर्तियां हैं। यहां की दीवारों पर देवी-देवताओं के साथ नर्तक, संगीतकार, योद्धा, राजदरबार और आम जीवन के दृश्य भी दिखाई देते हैं। कुछ मूर्तियों में घरेलू कामकाज, संगीत और नृत्य के दृश्य हैं, तो कुछ में प्रेम और दांपत्य जीवन को दर्शाया गया है।

खजुराहो की कामुक मूर्तियां दुनिया भर में चर्चा का विषय रही हैं। लेकिन लेखक सतीश शर्मा के मुताबिक, इन मूर्तियों को केवल यौन संबंधों के चित्रण के रूप में देखना सही नहीं होगा। इनके जरिए इच्छा, प्रजनन और मानव जीवन से जुड़े व्यापक विचारों को भी अभिव्यक्त किया गया है। इसलिए खजुराहो की मूर्तिकला को समझने के लिए उसे केवल एक विषय या नजरिए तक सीमित नहीं किया जा सकता। मंदिरों की दीवारों पर बनी आकृतियां उस समय के धार्मिक विश्वासों, सामाजिक जीवन, कला और मानवीय अनुभवों की झलक देती हैं।

Khajuraho Temples: पत्थरों में इतनी बारीक नक्काशी कैसे की गई?

खजुराहो की मूर्तियों में गहनों, बालों की लटों और नाखूनों तक की बारीकी दिखाई देती है। सवाल उठता है कि सदियों पहले शिल्पकारों ने पत्थरों पर इतनी सूक्ष्म नक्काशी कैसे की होगी? लेखिका शोभिता पुंज अपनी पुस्तक ‘खजुराहो: द फर्स्ट थाउजेंड इयर्स’ में इसका एक महत्वपूर्ण कारण स्थानीय बलुआ पत्थर को बताती हैं। खजुराहो के आसपास विंध्य पहाड़ियों में कैमूर, रीवा और भांडेर जैसे क्षेत्रों के बलुआ पत्थर मिलते हैं। यह पत्थर अपेक्षाकृत आसानी से तराशा जा सकता था। इसी वजह से शिल्पकार उस पर बेहद बारीक आकृतियां और सजावटी विवरण उकेर सके। मंदिरों की मूर्तियों में दिखने वाले गहने, बालों की लटें और अन्य सूक्ष्म बनावटें उस समय के शिल्पकारों की असाधारण कुशलता का प्रमाण हैं।

खजुराहो के 85 मंदिरों में से अब सिर्फ 23 क्यों बचे हैं?

खजुराहो के पतन की शुरुआत कब हुई, इस पर इतिहासकारों के अलग-अलग अनुमान हैं। लेखिका शोभिता पुंज के हवाले से अलेक्जेंडर कनिंघम ने आशंका जताई थी कि महमूद गजनवी के आक्रमणों के दौरान खजुराहो का महत्व घटने लगा होगा। उस समय नंद राय को शहर छोड़कर कालिंजर के किले में शरण लेनी पड़ी थी।

हालांकि, खजुराहो के पतन को किसी एक घटना से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। चंदेल राजवंश की राजनीतिक शक्ति में कमी, सत्ता के केंद्रों का बदलना और क्षेत्रीय परिस्थितियों में बदलाव इसके महत्व में गिरावट की प्रमुख वजहों में शामिल माने जाते हैं। सतीश शर्मा के मुताबिक, ऐतिहासिक विवरणों और परंपराओं में यहां करीब 85 मंदिरों का उल्लेख मिलता है। आज लगभग 23 मंदिर ही बचे हैं। यानी समय के साथ बड़ी संख्या में मंदिर नष्ट हुए या खंडहर में बदल गए।

Khajuraho Temples
                                                                Khajuraho Temples

इसके बावजूद खजुराहो की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत पूरी तरह समाप्त नहीं हुई। मंदिरों के साथ मिली मूर्तियों और पुरातात्विक अवशेषों को संरक्षित करने में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है। खजुराहो के एएसआई संग्रहालय में पत्थर की करीब 100 चुनिंदा मूर्तियां रखी गई हैं। यहां शैव-शाक्त, वैष्णव और जैन परंपराओं से जुड़ी मूर्तियों के साथ आम जीवन को दर्शाने वाली कलाकृतियां भी प्रदर्शित हैं।

Khajuraho Temples: यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में कब शामिल हुआ खजुराहो?

खजुराहो के मंदिरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान 1986 में मिली, जब मंदिरों के समूह को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया। इस मान्यता ने खजुराहो की ऐतिहासिक, स्थापत्य और सांस्कृतिक अहमियत को वैश्विक स्तर पर स्थापित किया। आज खजुराहो केवल अपनी कामुक मूर्तियों के कारण नहीं, बल्कि मध्यकालीन भारतीय मंदिर वास्तुकला, शिल्पकला और धार्मिक विविधता के अनूठे उदाहरण के रूप में पहचाना जाता है। यहां के मंदिर बताते हैं कि पत्थरों पर उकेरी गई कला केवल धार्मिक आस्था की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि अपने समय के समाज, संस्कृति और विचारों को समझने का माध्यम भी हो सकती है।

ये भी पढ़े… बागेश्वर बाबा पर क्यों भड़के रामदेव? ‘राम-कृष्ण’ वाले बयान से लेकर प्रेत बाधा दरबार तक, समझिए पूरा मामला