Pune Court Firing : महाराष्ट्र के पुणे में जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर बुधवार दोपहर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। चार से पांच अज्ञात हमलावरों ने युवक को घेरकर उस पर कई राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद भी हमलावर नहीं रुके और उस पर मचेटी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Pune Court Firing : कोर्ट के बाहर अचानक हुई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर पुणे के जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर यह घटना हुई। चार से पांच हमलावर अचानक वहां पहुंचे और एक युवक को बीच सड़क पर घेर लिया। इसके बाद उन्होंने उस पर लगातार कई गोलियां चलाईं। हमलावरों ने युवक पर मचेटी से भी कई वार किए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हमलावर
कोर्ट के बाहर हुई इस हत्या के बाद पुलिस ने तुरंत परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में चार से पांच लोग युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं।शिवाजीनगर पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश थी या कोई दूसरी वजह।
Pune Court Firing : चार दिन पहले ही जेल से छूटा था मृतक
पुलिस की शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है। वह पुणे के संतोषनगर, कटराज इलाके का रहने वाला था। मंदार हत्या के एक मामले में जेल में बंद था और महज चार दिन पहले ही रिहा होकर बाहर आया था।बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल 2025 को जमीन और पैसों से जुड़े विवाद के चलते उसने शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या कर दी थी। इसी मामले में उसे जेल भेजा गया था।
कानूनी कार्रवाई के लिए कोर्ट पहुंचा था युवक
जानकारी के मुताबिक, मंदार बुधवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए अदालत पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया और उस पर गोलियां बरसा दीं। इसके बाद मचेटी से भी हमला किया गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले।फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की जांच कर रही है और फरार हमलावरों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सबूतों की मदद ले रही है।








