Modi Cabinet: महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार एक बार फिर सक्रिय होती नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 27 नवंबर को केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक प्रस्तावित है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा हो सकती है। सरकार इस विधेयक के मसौदे में कुछ बदलावों पर भी विचार कर सकती है। इसके बाद 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठक बुलाने की तैयारी है। ऐसे में कैबिनेट की बैठक को आगामी संसदीय कार्यवाही के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
कैबिनेट बैठक में महिला आरक्षण पर चर्चा संभव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को दोपहर करीब 1 बजे सेवा तीर्थ में कैबिनेट बैठक होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, इसमें महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने वाले संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा हो सकती है। हालांकि, कैबिनेट बैठक का आधिकारिक एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
Modi Cabinet: 33 फीसदी आरक्षण का है प्रस्ताव
महिला आरक्षण कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया था। अब सरकार परिसीमन से जुड़े प्रावधानों के साथ इसे आगे बढ़ाने की तैयारी में है। रिपोर्टों के मुताबिक, प्रस्तावित बदलावों का उद्देश्य महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता तैयार करना है।
परिसीमन से क्यों जुड़ा है महिला आरक्षण?
महिला आरक्षण के लागू होने का संबंध विधानसभा और लोकसभा सीटों के परिसीमन से जोड़ा गया है। सरकार की प्रस्तावित योजना में परिसीमन के बाद लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने की संभावना भी चर्चा में है। इसी वजह से महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को एक साथ आगे बढ़ाने की तैयारी की चर्चा है।
Modi Cabinet: 30 नवंबर से संसद में आगे बढ़ सकता है बिल
सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से क्रमशः 30 नवंबर और 2 दिसंबर को सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। ऐसे में कैबिनेट की बैठक के बाद महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक को संसद में आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
सरकार के सामने बहुमत का भी सवाल
संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए संसद में विशेष बहुमत की जरूरत होती है। अप्रैल में इसी मुद्दे से जुड़ा विधेयक पर्याप्त संख्या बल नहीं होने के कारण पारित नहीं हो सका था। अब सरकार के पास पहले की तुलना में समर्थन का गणित बदला हुआ बताया जा रहा है, लेकिन विधेयक पारित कराने के लिए अतिरिक्त समर्थन की जरूरत पड़ सकती है। विपक्ष भी परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर अपनी अलग मांगें रख रहा है।
ये भी पढ़ें…अचानक फिर क्यों बुलाई जा रही संसद? 30 नवंबर से शुरू होगा सदनों का कामकाज








