Home » राजनीति » संसद का विशेष सत्र: 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक, किरेन रिजिजू ने दी जानकारी

संसद का विशेष सत्र: 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक, किरेन रिजिजू ने दी जानकारी

Parliament Special Session:

Parliament Special Session: केंद्र सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाने जा रही है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि लोकसभा की बैठक 30 नवंबर 2026 और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को फिर से बुलाई जाएगी। इन बैठकों का उद्देश्य जरूरी सरकारी कामकाज को पूरा करना है। कामकाज की जरूरतों के अनुसार, दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है।किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठकें दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है।

Parliament Special Session: कांग्रेस ने बुलाई पार्लियामेंट्री स्ट्रेटजी ग्रुप की बैठक

संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने की घोषणा के बीच कांग्रेस ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने पार्लियामेंट्री स्ट्रेटजी ग्रुप की अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक 27 नवंबर को शाम 4:30 बजे होगी। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी और जयराम रमेश समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में संसद के आगामी कामकाज और विपक्ष की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।

Parliament Special Session: 98 दिनों से अनिश्चितकाल के लिए स्थगित है मॉनसून सत्र

दरअसल, संसद का मॉनसून सत्र औपचारिक रूप से समाप्त नहीं हुआ है। इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए हुए 98 दिन बीत चुके हैं। इस दौरान विपक्ष लगातार संसद की बैठक दोबारा बुलाने की मांग कर रहा था। इतने लंबे समय तक सत्रावसान नहीं होना अपने आप में नया रिकॉर्ड माना जा रहा है। इससे पहले 2008 में संसद का सत्र 87 दिनों तक बिना सत्रावसान के चला था। इसके अलावा 1987 में 76 दिन, 1989 में 54 दिन, 2006 और 2013 में 49 दिन तथा 1963 में 41 दिन बाद सत्रावसान हुआ था।

2008 में भी विशेष सत्र के लिए दोबारा बुलाई गई थी संसद

साल 2008 में संसद का सत्र 87 दिनों बाद समाप्त हुआ था। उस दौरान बजट सत्र के बाद 21 और 22 जुलाई को विशेष बैठक बुलाई गई थी। इसमें तत्कालीन यूपीए सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हुई थी। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा पूरी होने के बाद भी सत्रावसान नहीं किया गया था। इसके बाद 17 से 24 अक्टूबर तक फिर विशेष बैठकें आयोजित की गईं और 10 दिसंबर को संसद की बैठक दोबारा बुलाई गई। अब 2026 में भी लंबे अंतराल के बाद संसद की बैठकें फिर से बुलाने की तैयारी है। ऐसे में लोकसभा और राज्यसभा की आगामी कार्यवाही पर राजनीतिक दलों के साथ-साथ देश की नजरें भी रहेंगी।

यह भी पढ़ें- आजम खान क्यों चाहते थे अखिलेश यादव भी 6 महीने जेल में रहें? सपा प्रमुख के सामने बताई वजह