Instagram Muse AI: मेटा ने इंस्टाग्राम यूजर्स के लिए अपने नए AI एजेंट Muse को डायरेक्ट मैसेज (DM) में शामिल करना शुरू कर दिया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स अब इंस्टाग्राम चैट में ही किसी पोस्ट, प्रोडक्ट या जगह से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगे। इतना ही नहीं, Muse ट्रैवल प्लान बनाने, शॉपिंग डील खोजने और सेव की गई पोस्ट व रील्स को व्यवस्थित करने में भी मदद करेगा। इसका मकसद यूजर्स को इंस्टाग्राम के अंदर ही AI की सुविधाएं देना है, ताकि उन्हें बार-बार दूसरे ऐप पर न जाना पड़े।
Instagram Muse AI: Instagram DM में कैसे काम करेगा Meta का Muse AI?
मेटा के इस नए फीचर के आने के बाद यूजर्स इंस्टाग्राम के DM थ्रेड में ही Muse से बातचीत कर सकेंगे। इसके लिए अलग से कोई ऐप खोलने की जरूरत नहीं होगी। यूजर्स इंस्टाग्राम पर दिखाई देने वाली किसी पोस्ट, जगह या प्रोडक्ट को लेकर सीधे सवाल पूछ सकेंगे। इसके अलावा, अगर यूजर किसी दूसरे DM में हुई बातचीत को नहीं समझ पा रहा है, तो Muse उसे उस बातचीत का मतलब समझने में भी मदद कर सकता है।
Instagram Muse AI: पोस्ट शेयर करते ही ट्रैवल प्लान बनाएगा Muse
इस फीचर की मदद से यूजर्स इंस्टाग्राम की किसी पोस्ट को सीधे Muse के साथ शेयर कर सकेंगे। उदाहरण के लिए, अगर किसी यूजर को इंस्टाग्राम पर कोई अच्छी कॉफी शॉप दिखाई देती है, तो वह उसकी पोस्ट Muse को भेजकर उसे अपनी सिटी ट्रिप के ट्रैवल प्लान में शामिल करने के लिए कह सकता है। इस तरह पसंदीदा जगहों के आधार पर यात्रा की योजना बनाना आसान होगा।
पसंद आए प्रोडक्ट पर खोज सकेगा शॉपिंग डील
अगर आपको इंस्टाग्राम पर जूतों की कोई जोड़ी या दूसरा प्रोडक्ट पसंद आता है, तो आप उसकी पोस्ट Muse के साथ शेयर कर सकते हैं। इसके बाद AI उस प्रोडक्ट से जुड़ी डील और शॉपिंग के विकल्प खोजने में मदद करेगा। यानी यूजर्स को सिर्फ पोस्ट सेव करने तक सीमित नहीं रहना होगा, बल्कि वे उसी कंटेंट के आधार पर शॉपिंग से जुड़े काम भी कर सकेंगे।
सेव की गई पोस्ट और रील्स को व्यवस्थित करेगा AI
मेटा ने इंस्टाग्राम पर सेव किए गए कंटेंट के लिए भी Muse की नई सुविधाएं पेश की हैं। अब यूजर्स अपनी बुकमार्क की गई पोस्ट और रील्स को ‘Collections’ नाम के कस्टम फोल्डर्स में व्यवस्थित कर सकेंगे। इससे अलग-अलग विषयों से जुड़ा कंटेंट एक जगह रखना और जरूरत पड़ने पर उसे खोजना आसान होगा। Muse सेव की गई पोस्ट और रील्स के आधार पर कई कामों में मदद कर सकेगा। उदाहरण के लिए, किसी रेसिपी वीडियो से ग्रोसरी लिस्ट तैयार करना, ट्रैवल क्रिएटर्स की पोस्ट के आधार पर यात्रा का प्लान बनाना और फैशन रील्स से नए आउटफिट के आइडिया देना।
पोस्ट सेव करते ही दिखेगा Muse का प्रॉम्प्ट
मेटा के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर कोई पोस्ट सेव करने के बाद यूजर को Muse की ओर से एक प्रॉम्प्ट दिखाई देगा। इसकी मदद से यूजर उस पोस्ट को बेहतर तरीके से व्यवस्थित कर सकेंगे और उसे पहले से बने किसी कलेक्शन में जोड़ पाएंगे। हालांकि, शुरुआत में यह सुविधा अमेरिका और कनाडा में लॉन्च की जा रही है।
इन 5 देशों में शुरू होगा Instagram Muse का रोलआउट
मेटा के अनुसार, इंस्टाग्राम DM में Muse AI का रोलआउट अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको, जापान और सिंगापुर में शुरू होगा। यह फीचर iOS और Android दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल भारत में Instagram Muse की लॉन्चिंग को लेकर कंपनी ने कोई जानकारी नहीं दी है।
यह भी पढ़े- यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर घमासान, इमरान मसूद और इकरा हसन आमने-सामने








