SP Manifesto: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने इसे ‘सत्ताइस का संकल्प : PDA का प्रणपत्र’ नाम दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस बार युवाओं, किसानों, महिलाओं, शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े कई बड़े वादे किए हैं। खास बात यह है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में किए गए कई वादों को नए स्वरूप में दोहराया गया है, जबकि कुछ नई घोषणाएं भी शामिल की गई हैं। रोजगार के मामले में सरकारी नौकरियों का लक्ष्य 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख कर दिया गया है। ऐसे में समझते हैं कि पांच साल में सपा के चुनावी वादों में कितना बदलाव आया है।
रोजगार के वादे में ढाई गुना से ज्यादा बढ़ोतरी
2022 के घोषणापत्र में सपा ने पांच साल में 10 लाख सरकारी नौकरियां और एक करोड़ निजी रोजगार पैदा करने का वादा किया था। अब 2027 के लिए पार्टी ने पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और दो से तीन करोड़ युवाओं को गैर-सरकारी क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। इस बार ग्रेजुएट बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक 5,000 रुपये मासिक भत्ता देने की घोषणा भी की गई है। इसके अलावा कौशल विकास प्रशिक्षण और भर्ती परीक्षाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी करने का वादा किया गया है।
SP Manifesto: शिक्षा में लैपटॉप के साथ स्कूलों पर फोकस
शिक्षा के मामले में दोनों घोषणापत्रों में लैपटॉप योजना प्रमुख है। 2022 में 12वीं पास करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप देने का वादा किया गया था। 2027 में भी इसे दोहराया गया है। हालांकि इस बार 26 हजार बंद प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा शुरू करने, स्कूलों में वाई-फाई सुविधा देने और शिक्षा पर GSDP का छह प्रतिशत खर्च करने की बात कही गई है। शिक्षामित्रों के मानदेय में 5,000 रुपये की बढ़ोतरी और रिक्त पदों पर नियुक्तियों का वादा भी शामिल है।
किसानों के लिए कर्जमाफी और मुफ्त खाद
किसानों के मुद्दे पर सपा ने 2022 में किसानों की कर्जमाफी, मुफ्त सिंचाई और कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया था। 2027 के घोषणापत्र में भी कर्जमाफी को प्रमुखता दी गई है। इस बार छोटे किसानों को मुफ्त खाद देने और 23 फसलों के साथ दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने की बात कही गई है। इसके अलावा किसानों को कृषि से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
SP Manifesto: महिलाओं के लिए बदला आर्थिक सहायता का स्वरूप
2022 में सपा ने BPL परिवारों की महिलाओं को सालाना 18 हजार रुपये पेंशन देने, गर्भवती महिलाओं को 15 हजार रुपये की सहायता और छात्राओं को आर्थिक मदद देने का वादा किया था। 2027 में बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने की घोषणा की गई है। महिलाओं के सम्मान, समान अधिकार और अवसरों पर भी जोर दिया गया है। पार्टी ने महिला सशक्तीकरण के लिए अलग से विस्तृत घोषणापत्र जारी करने की बात कही है।
स्वास्थ्य सुविधाओं में क्या नया जोड़ा?
स्वास्थ्य के क्षेत्र में 2022 में गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और जिला अस्पतालों की सुविधाएं बेहतर करने का वादा किया गया था। 2027 में भी BPL परिवारों के लिए 10 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा की घोषणा दोहराई गई है। इसके अलावा प्रदेश के सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने, जिला अस्पतालों में ICU और वेंटिलेटर की सुविधा देने तथा 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को आधुनिक बनाने का वादा किया गया है।
SP Manifesto: PDA और सामाजिक न्याय पर बढ़ा जोर
2022 के घोषणापत्र में सामाजिक सुरक्षा, पिछड़ों और वंचित वर्गों के कल्याण पर जोर था। 2027 के प्रणपत्र में PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को केंद्र में रखा गया है। पार्टी ने 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और PDA वर्ग के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया है। इसके अलावा जातीय जनगणना कराने, गरीबों को 5 रुपये में समाजवादी थाली उपलब्ध कराने और कानून-व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल की बात कही गई है। इस तरह 2027 के घोषणापत्र में पुराने वादों को बड़े लक्ष्यों के साथ दोहराने के अलावा रोजगार भत्ता, मुफ्त खाद और सरकारी ठेकों में आरक्षण जैसी नई घोषणाएं भी जोड़ी गई हैं।
ये भी पढ़ें…बंगाल में ऋतब्रत बनर्जी को बड़ा झटका, हाईकोर्ट ने रद्द की नेता विपक्ष की नियुक्ति








