Home » राजनीति » परिसीमन के बाद आपके राज्य में कितनी बढ़ जाएंगी लोकसभा सीटें? जानिए पूरा गणित

परिसीमन के बाद आपके राज्य में कितनी बढ़ जाएंगी लोकसभा सीटें? जानिए पूरा गणित

Delimitation:

Delimitation: केंद्र सरकार ने कैबिनेट की बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक में संशोधन को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही संसद का सत्र 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा में बुलाया गया है। अब सरकार और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर सियासी घमासान तेज हो गया है। बताया जा रहा है कि परिसीमन के बाद लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी की जा सकती है। ऐसे में मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़कर 850 तक पहुंच सकती है। वहीं, इन सीटों में 33 फीसदी महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रस्ताव है। आइए समझते हैं कि परिसीमन के बाद देश की राजनीति और अलग-अलग राज्यों की लोकसभा सीटों पर क्या असर पड़ सकता है।

Delimitation: 543 से बढ़कर 850 हो सकती हैं लोकसभा की सीटें

परिसीमन के प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में लगभग 50 फीसदी की बढ़ोतरी की बात कही जा रही है। इसके बाद सदन में सीटों की संख्या बढ़कर 850 तक हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो संसद में प्रतिनिधित्व का पूरा गणित बदल सकता है। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में कितनी सीटें बढ़ेंगी, यह परिसीमन की प्रक्रिया और उसके अंतिम आंकड़ों पर निर्भर करेगा।

Delimitation: महिलाओं को मिलेगा 33 फीसदी आरक्षण

महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्ताव के तहत लोकसभा की कुल सीटों में 33 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने की बात है। इससे संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने का रास्ता खुल सकता है। परिसीमन और महिला आरक्षण को एक साथ लागू करने की तैयारी के बीच इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों के बीच बहस तेज हो गई है।

विधेयक पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी

संविधान संशोधन विधेयक को संसद से पारित कराने के लिए लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। सूत्रों के मुताबिक, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और भारत राष्ट्र समिति (BRS) की ओर से विधेयक का समर्थन किए जाने की उम्मीद है। वहीं, विपक्षी गठबंधन INDIA इस विधेयक के विरोध में नजर आ रहा है।

खरगे ने बुलाई विपक्षी दलों की बैठक

परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर विपक्ष ने भी अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार, यह बैठक सुबह 11:30 बजे दिल्ली स्थित उनके आवास 10, राजाजी मार्ग पर होगी। इस बैठक में INDIA गठबंधन के घटक दलों के सदन के नेता शामिल होंगे। इसके अलावा DMK, आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल (BJD) जैसे उन दलों को भी आमंत्रित किया गया है, जो सत्तारूढ़ NDA का हिस्सा नहीं हैं।

तमिलनाडु की सीटों को लेकर DMK की चिंता

परिसीमन विधेयक को लेकर तमिलनाडु में भी राजनीतिक हलचल तेज है। DMK अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी सीटों की हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। दरअसल, दक्षिण भारतीय राज्यों की ओर से लंबे समय से यह चिंता जताई जाती रही है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने पर जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों का संसद में प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है। ऐसे में परिसीमन का मुद्दा केवल सीटों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह केंद्र और राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व के संतुलन से भी जुड़ा हुआ है।

यह भी पढ़े- बंगाल में ऋतब्रत बनर्जी को बड़ा झटका, हाईकोर्ट ने रद्द की नेता विपक्ष की नियुक्ति