Home » मध्य प्रदेश » CM मोहन सख्त, देवास में अधिकारी सस्पेंड; ठेकेदार पर 10 लाख जुर्माना

CM मोहन सख्त, देवास में अधिकारी सस्पेंड; ठेकेदार पर 10 लाख जुर्माना

Mp Government: मोहन सख्त देवास में अधिकारी सस्पेंड, ठेकेदार पर जुर्माना

Mp Government: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को देवास में आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान जनशिकायतों के निराकरण में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आवेदकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान एक अधिकारी को निलंबित करने, एक पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकने और नल-जल योजना से जुड़ी शिकायत पर ठेकेदार के खिलाफ 10 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए।

उद्योग विभाग के महाप्रबंधक निलंबित

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत देवास के पॉलिटेक्निक कॉलेज में समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यहां मुख्यमंत्री ने एक-एक कर आवेदकों की शिकायतें सुनीं। देवास के उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतन सिंह डाबर संबंधित शिकायत के प्रकरण की फाइल प्रस्तुत नहीं कर पाए। शिकायत के समाधान में उदासीनता सामने आने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और उन्हें तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए।

Mp Government: लाड़ली लक्ष्मी योजना की शिकायत पर कार्रवाई

कार्यक्रम में सलोनी सिसोदिया ने लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति की राशि उनके खाते में आने के बजाय किसी दूसरे खाते में जमा हो गई थी। इस संबंध में पर्यवेक्षक को जानकारी देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। मामले में मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग की सोनकच्छ पर्यवेक्षक वर्षा निक्कम की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।

ठेकेदार पर 10 लाख रुपये की पेनल्टी

समाधान ऑनलाइन में देवास के सुरेश मालवीय ने नल-जल योजना से संबंधित शिकायत रखी। मामले में लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार पर 10 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शिकायतों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा।

Mp Government: सैनिक के परिवार को 10 लाख की सहायता

कार्यक्रम के दौरान दिवंगत सैनिक पवन यादव के परिवार का मामला भी सामने आया। मुख्यमंत्री ने सैनिक के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सैनिक के परिवारों का सम्मान और सहयोग सरकार की प्राथमिकता है। सैनिक को शहीद का दर्जा दिए जाने के संबंध में भी प्रकरण का परीक्षण कराने की बात कही गई।

किसान को 50 हजार रुपये की सहायता

वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह ने फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की समस्या रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने किसान को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की और अधिकारियों को फसल बीमा की राशि के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अन्य आवेदकों की समस्याएं भी सुनीं और उनके निराकरण के निर्देश दिए।

 

ये भी पढ़ें…शरद पवार की NCP ने क्यों किया मोदी सरकार का समर्थन? महाराष्ट्र से दिल्ली तक हलचल