Breaking News
Home » ग्राउंड रिपोर्ट » जेवर एयरपोर्ट से चमकी इलाके की तस्वीर, लेकिन गांवों का क्या? विधायक धीरेंद्र सिंह से ग्राउंड पर सवाल

जेवर एयरपोर्ट से चमकी इलाके की तस्वीर, लेकिन गांवों का क्या? विधायक धीरेंद्र सिंह से ग्राउंड पर सवाल

Jewar Airport Development:

Jewar Airport Development: उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसे दिल्ली-NCR के लिए एक बड़ी उपलब्धि और उत्तर प्रदेश के विकास की नई पहचान के तौर पर देखा जा रहा है। बीजेपी सरकार इसे प्रदेश की तरक्की और औद्योगिक विकास का बड़ा उदाहरण बता रही है। वहीं, विपक्ष सरकार पर विकास से ज्यादा प्रचार करने के आरोप लगाता रहा है। इन सबके बीच सवाल यह भी है कि जिस जेवर एयरपोर्ट की वजह से पूरे इलाके की पहचान बदल रही है, क्या वहां के गांवों तक भी विकास पहुंच रहा है? इसी मुद्दे पर खबर इंडिया के रिपोर्टर विनीत अत्री ने ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह से कई सवाल किए गए।

Jewar Airport Development: विपक्ष के प्रचार वाले आरोपों पर क्या बोले विधायक?

ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान विनीत अत्री ने सवाल किया कि विपक्ष का आरोप है कि बीजेपी काम कम और प्रचार ज्यादा करती है। इस पर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने कहा कि लोगों को इलाके में घूमकर देखना चाहिए कि बीजेपी ने किस तरह काम किया है। उनके मुताबिक, विपक्ष का काम आलोचना करना है, क्योंकि उसके कार्यकाल में विकास के ऐसे काम नहीं हुए। धीरेंद्र सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। पिछले नौ वर्षों में जेवर विधानसभा क्षेत्र आर्थिक राजधानी बनने की दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की वजह से लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पसंद कर रहे हैं।

Jewar Airport Development: क्या सिर्फ जेवर में हो रहा है विकास?

विनीत अत्री ने अगला सवाल उठाया कि क्या पूरे उत्तर प्रदेश में विकास हो रहा है या फिर सरकार का ध्यान सिर्फ जेवर पर है? इस पर विधायक ने कहा कि विकास के लिए अलग-अलग क्षेत्रों को चिह्नित किया जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरे प्रदेश को औद्योगीकरण से जोड़ना चाहते हैं। उन्होंने बुंदेलखंड और कानपुर में भी औद्योगिक विकास से जुड़े प्रयासों का जिक्र किया।

धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जेवर में बन रहा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा करीब 300 से 400 किलोमीटर के दायरे को कवर करने की क्षमता रखता है। इससे दिल्ली के हवाई अड्डे पर यात्रियों का दबाव कम होगा और एनसीआर के लोगों को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि भविष्य में एयरोपोलिस सिटी के रूप में विकसित होने वाला क्षेत्र है। यहां होटल, हब और दूसरी व्यावसायिक सुविधाएं विकसित होंगी, जिससे रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा होंगे।

एयरपोर्ट बन रहा है, लेकिन गांवों का विकास क्यों नहीं?

ग्राउंड रिपोर्ट में अगला सवाल सीधे स्थानीय विकास से जुड़ा था। विनीत अत्री ने पूछा कि जेवर क्षेत्र में एयरपोर्ट की वजह से तेजी से विकास हो रहा है, लेकिन आसपास के गांवों की स्थिति में कितना बदलाव आया है? इस पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि विपक्ष उनके काम में कमियां ढूंढने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह विपक्ष का धन्यवाद करते हैं कि उसने इलाके में गड्ढे और कमियां ढूंढकर सामने रखीं। विधायक के मुताबिक, वह उन कमियों को दूर करेंगे और अगर किसी व्यक्ति को कोई समस्या है तो वह उन्हें बताए, उसका भी समाधान किया जाएगा।

जिन किसानों की जमीन गई, उन्हें पहली हवाई यात्रा का मौका

इस ग्राउंड रिपोर्ट का सबसे दिलचस्प हिस्सा उन किसानों और ग्रामीणों की हवाई यात्रा से जुड़ा रहा, जिनकी जमीन एयरपोर्ट के निर्माण में गई है। विनीत अत्री ने विधायक से पूछा कि जिन किसानों की जमीन एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित की गई, उनके बीच उस समय कितनी खुशी रही होगी, जब उन्हें पहली बार हवाई जहाज में यात्रा करने का मौका मिला?

इस पर धीरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस सपने का जिक्र किया, जिसमें चप्पल पहनने वाले आम नागरिकों को भी हवाई जहाज में सफर करने का अवसर देने की बात कही गई है। विधायक ने बताया कि इस यात्रा के लिए 172 किसानों और ग्रामीणों को चुना गया था, जिनमें 38 महिलाएं शामिल थीं। उन्होंने कहा कि इनमें ऐसी महिलाएं भी थीं, जिन्होंने अब तक हवाई जहाज को सिर्फ आसमान में उड़ते हुए देखा था, लेकिन कभी उसमें बैठकर यात्रा नहीं की थी।

धीरेंद्र सिंह के मुताबिक, इस यात्रा के लिए ऐसे लोगों को प्राथमिकता दी गई, जो 70 वर्ष से कम उम्र के होने के बावजूद कभी हवाई यात्रा नहीं कर पाए थे। इनमें कुछ ऐसे लोग भी शामिल थे, जिनके पास अपनी एक इंच जमीन तक नहीं थी और जिन्होंने दूसरों के खेतों में मजदूरी करके अपना जीवन गुजारा था। विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य ऐसे लोगों को हवाई यात्रा का अनुभव कराना था, जिन्होंने कभी इसकी कल्पना भी नहीं की थी। उनके लिए यह सिर्फ एक यात्रा नहीं, बल्कि जीवन का यादगार अनुभव था।

विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच सवाल

जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास की बड़ी परियोजनाओं में शामिल है। इससे क्षेत्र में रोजगार, कारोबार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हालांकि, एयरपोर्ट के आसपास के गांवों में सड़क, सफाई और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने विकास कार्यों का बचाव करते हुए कमियों को दूर करने का भरोसा दिया है। लेकिन असली सवाल यही है कि एयरपोर्ट से बदलती जेवर की तस्वीर का फायदा वहां के आम ग्रामीणों तक कितना पहुंचता है।

यह भी पढ़े- परिसीमन पर अभी बाकी है नंबर गेम! राहुल की अपील पर DMK ने क्यों कहा- अंतिम फैसला नेता लेंगे?