Home » राजनीति » परिसीमन बिल से पहले PM मोदी का बड़ा संदेश, महिला आरक्षण पर दिया भरोसा

परिसीमन बिल से पहले PM मोदी का बड़ा संदेश, महिला आरक्षण पर दिया भरोसा

Women’s Reservation Bill:

Women’s Reservation Bill: संसद के विशेष सत्र और प्रस्तावित परिसीमन बिल से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर बड़ा संदेश दिया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो संदेश साझा करते हुए कहा कि भारत की प्रगति नारीशक्ति के सपनों की उड़ान से जुड़ी हुई है। उन्होंने दोहराया कि केंद्र सरकार संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के अपने संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Women’s Reservation Bill: PM मोदी- महिला आरक्षण की राह में आने वाली हर बाधा दूर होगी 

अपने वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण के लिए लंबे समय से चल रहे प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजनीति और नीति-निर्माण में महिलाओं को उनका वास्तविक अधिकार दिलाने की लड़ाई दशकों से जारी है और वह खुद भी इस संघर्ष का हिस्सा रहे हैं। देश की महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण लागू करने के रास्ते में आने वाली हर अड़चन को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका हौसला बुलंद है, हिम्मत अटूट है और इरादा अडिग है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि देश की नारीशक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है।

Women’s Reservation Bill: 30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र

प्रधानमंत्री का यह संदेश ऐसे समय आया है, जब केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े विधेयक और महिला आरक्षण को लागू करने के लिए जरूरी संशोधनों को पेश करने की तैयारी कर रही है। तय कार्यक्रम के मुताबिक, संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू की जाएगी। इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है।

543 से बढ़कर 800-850 तक हो सकती हैं लोकसभा सीटें

परिसीमन की प्रक्रिया राजनीतिक और संवैधानिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दरअसल, नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के क्रियान्वयन को परिसीमन से जोड़ा गया था। सरकार की प्रस्तावित योजना के मुताबिक, परिसीमन के बाद लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़कर करीब 800 से 850 तक हो सकती है। सीटों की संख्या बढ़ने के साथ ही महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का रास्ता तैयार हो सकता है।

2029 के चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी

केंद्रीय मंत्रिमंडल संबंधित विधेयकों के मसौदों को पहले ही मंजूरी दे चुका है। केंद्र सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करने से जुड़ी संवैधानिक और विधायी प्रक्रियाओं को पूरा करना है। अगर सरकार की योजना सफल होती है, तो संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की 33 फीसदी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा सकेगा। अब सबकी नजर संसद के विशेष सत्र और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर टिकी है।

यह भी पढ़े- जेवर एयरपोर्ट से चमकी इलाके की तस्वीर, लेकिन गांवों का क्या? विधायक धीरेंद्र सिंह से ग्राउंड पर सवाल