MP NEWS: भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड सदर में आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय समुदाय की उत्कृष्ट प्रतिभाओं का सम्मान किया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले युवा, कलाकार, खिलाड़ी, समाजसेवी और सिकल सेल एनीमिया पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले चिकित्सक शामिल रहे।
1 करोड़ रुपए का चेक देकर किया सम्मान
MP NEWS: कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रहीं छतरपुर जिले की होनहार महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़, जिन्होंने हाल ही में सम्पन्न आईसीसी महिला क्रिकेट विश्वकप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें 1 करोड़ रुपए का चेक और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उनके सम्मान पर कार्यक्रम स्थल तालियों से गूंज उठा।
विद्यार्थियों को किया सम्मानित
इसके साथ ही जनजातीय कला, संस्कृति और सामाजिक योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में पद्मश्री अर्जुन सिंह धुर्वे, फुलझारिया बाई, उजियारो बाई, विक्रम अवॉर्डी रागिनी मार्को और सृष्टि सिंह शामिल रहीं। राज्य शासन के सहयोग से विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों आशाराम पालवी और रवि मेड़ा को भी मंच से सम्मानित किया गया।

छह अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र सौंपे
MP NEWS: कार्यक्रम में विशेष पिछड़ी जनजाति समूह (PVTG) के युवाओं को भी प्रोत्साहित किया गया। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हुए PVTG वर्ग के छह अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र सौंपे गए। राज्य सरकार का कहना है कि यह कदम जनजातीय युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं और मुख्यधारा के रोजगार में आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का आधार-सीएम
MP NEWS: इसके अलावा, कक्षा 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनजातीय समुदाय के दो मेधावी विद्यार्थियों को महाराजा शंकर शाह और रानी दुर्गावती मेधावी पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समुदाय प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत का आधार है और सरकार उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जनजातीय गौरव दिवस का यह राज्यस्तरीय समारोह प्रदेश भर से आए आदिवासी समुदाय के हजारों लोगों की उपस्थिति में उत्साहपूर्ण माहौल के साथ सम्पन्न हुआ।
ये भी पढ़े… BIHAR ELECTION: NDA पर फिर भरोसा, महिलाओं की बड़ी भागीदारी… और विधानसभा में अमीरी का नया रिकॉर्ड







