Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी के पलिया क्षेत्र से भाजपा विधायक रोमी साहनी ने एक बार फिर साबित किया है कि जनसेवा सिर्फ नारों से नहीं, बल्कि ज़मीनी स्तर पर किए गए कार्यों से पहचानी जाती है। कान की गंभीर बीमारी से जूझ रही गरीब विधवा नेहा राठौर का पूरा इलाज अपने खर्च पर कराकर विधायक साहनी ने मानवीयता और जनप्रतिनिधित्व दोनों की मिसाल पेश की है।
वर्षों से बीमारी से पीड़ित थीं नेहा
पलिया के मोहल्ला रंगरेजान निवासी नेहा राठौर, पत्नी स्वर्गीय राजकुमार, लंबे समय से कान की जटिल बीमारी से परेशान थीं। लगातार बढ़ते दर्द और सुनने में कमी की वजह से उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बड़े ऑपरेशन का खर्च उठाना उनके लिए असंभव था। कई जगह इलाज कराया, लेकिन किसी तरह की राहत नहीं मिली। बीमारी बढ़ने के बाद नेहा ने अपने क्षेत्रीय विधायक रोमी साहनी से मदद की अपील की।
Lakhimpur Kheri: विधायक ने ली जिम्मेदारी
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक साहनी ने नेहा के इलाज की पूरी जिम्मेदारी अपने हाथ में ले ली। उन्होंने कहा कि जनता सर्वोपरि है। किसी भी जरूरतमंद की मदद करना मेरा कर्तव्य है। नेहा बहन का दर्द मेरा अपना दर्द है। इसके बाद नेहा को लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनका ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था और समय पर इलाज न होने पर स्थिति गंभीर हो सकती थी।

नेहा लगभग 12 दिन KGMU में भर्ती रहीं। इस दौरान विधायक साहनी लगातार डॉक्टरों से संपर्क में रहे और इलाज से लेकर दवाओं तक सभी खर्च स्वयं वहन किए। चिकित्सकों ने मंगलवार को नेहा का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। डॉक्टरों का कहना है कि सर्जरी उम्मीद से बेहतर रही और अब मरीज की स्थिति स्थिर है। आने वाले दिनों में शीघ्र स्वस्थ होने की संभावना है।
ऑपरेशन के बाद भावुक नेहा ने कहा कि मैं गरीब हूँ और पति भी नहीं हैं। इतने बड़े इलाज का खर्च तो सोचा भी नहीं जा सकता था। जब कहीं उम्मीद नहीं थी, तब रोमी साहनी जी ने मुझे सहारा दिया। आज मैं ठीक हूँ, यह उन्हीं की वजह से संभव हो पाया है।
स्थानीय लोगों ने सराहा
विधायक के इस कदम की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ऐसे जनप्रतिनिधि ही जनता का भरोसा जीतते हैं। एक बुजुर्ग निवासी ने कह कि नेता बहुत आते हैं, पर जनता के दुख में साथ खड़े होने वाले कम होते हैं। रोमी साहनी उन चुनिंदा नेताओं में से एक हैं। वहीं अस्पताल में बातचीत के दौरान विधायक रोमी साहनी ने कहा कि जनता की सेवा मेरा संकल्प है। विकास कार्यों के साथ-साथ संकट की घड़ी में हर व्यक्ति के साथ खड़ा रहना ही राजनीति का असली उद्देश्य है। नेहा बहन का ऑपरेशन मेरे लिए सिर्फ इलाज नहीं, बल्कि मानवता की जीत है।
Report By: संजय कुमार राठौर
ये भी पढ़े… Meerut News: सुहागरात से घबराकर पत्नी को छोड़ फरार हुआ दूल्हा ‘मोहसिन’







