Iran Nuclear Attack: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेहरान ने अपने नागरिकों के लिए परमाणु हमले से बचाव को लेकर एक खास सर्वाइवल गाइड जारी की है। इस गाइड में बताया गया है कि अगर परमाणु विस्फोट होता है तो लोग अपनी जान कैसे बचा सकते हैं और रेडियोएक्टिव कंटामिनेशन से खुद को कैसे सुरक्षित रख सकते हैं। सरकारी समाचार एजेंसी IRNA की ओर से जारी करीब 8 मिनट के वीडियो में शेल्टर तलाशने से लेकर न्यूक्लियर फॉलआउट से बचने तक के तरीके बताए गए हैं। यह गाइड ऐसे समय में जारी की गई है, जब ईरान की जमीन के काफी नीचे बनी परमाणु सुविधाओं, खासकर नतान्ज के पास स्थित ‘पिकएक्स माउंटेन’ साइट को लेकर अमेरिका के संभावित सैन्य हमले की अटकलें तेज हो गई हैं।
Iran Nuclear Attack: परमाणु विस्फोट से होने वाले 4 बड़े खतरों की पहचान
ईरान के आपातकालीन अधिकारियों ने परमाणु विस्फोट से होने वाले चार प्रमुख खतरों की पहचान की है। इनमें तेज रेडिएशन और चमकदार रोशनी, शक्तिशाली ब्लास्ट वेव्स, अत्यधिक गर्मी और रेडियोएक्टिव पदार्थ शामिल हैं। इस्फहान रेड क्रिसेंट सोसाइटी के इब्राहिम अदेलजादेह ने लोगों को सलाह दी है कि वे ऐसी स्थिति में मजबूत इमारतों के अंदर शरण लें। इसके लिए बेसमेंट या इमारत के बीच में मौजूद ऐसे कमरे बेहतर माने गए हैं, जो खिड़कियों से दूर हों।
Iran Nuclear Attack: घर के अंदर रहें, AC और वेंटिलेशन बंद करें
गाइड में लोगों को सलाह दी गई है कि परमाणु विस्फोट या रेडियोएक्टिव खतरे की स्थिति में वे घर के अंदर ही रहें। इसके लिए कई जरूरी निर्देश भी जारी किए गए हैं।
– घर के सभी दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें।
– एयर कंडीशनर और बाहर से हवा खींचने वाले वेंटिलेशन सिस्टम बंद कर दें।
– कम से कम 24 घंटे तक सुरक्षित शेल्टर के अंदर रहें या आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।
– केवल पैकेटबंद खाना खाएं और बोतलबंद पानी का इस्तेमाल करें।
– गाड़ियों को इमरजेंसी शेल्टर के तौर पर इस्तेमाल न करें।
अगर आप बाहर हैं तो कैसे बचाएं अपनी जान?
ईरानी अधिकारियों ने उन लोगों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जो परमाणु विस्फोट के समय घर या किसी सुरक्षित इमारत के बाहर मौजूद हों। ऐसे लोगों को सलाह दी गई है कि वे विस्फोट से निकलने वाली तेज चमक की तरफ सीधे न देखें। उन्हें तुरंत जमीन से सटकर लेट जाना चाहिए और किसी मजबूत आड़ के पीछे छिपकर अपने सिर और चेहरे को सुरक्षित रखना चाहिए। शुरुआती विस्फोट की तरंगें गुजरने के बाद उन्हें जल्द से जल्द किसी नजदीकी मजबूत इमारत के अंदर चले जाना चाहिए। अधिकारियों ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे विस्फोट की तस्वीरें लेने या उसे देखने के लिए बाहर न रुकें।
रेडियोएक्टिव फॉलआउट से खुद को कैसे बचाएं?
गाइड में रेडियोएक्टिव फॉलआउट यानी विस्फोट के बाद फैलने वाले रेडियोधर्मी कणों से बचाव के तरीके भी बताए गए हैं। ये कण हवा के जरिए फैल सकते हैं और विस्फोट वाली जगह से काफी दूर स्थित इलाकों को भी प्रभावित कर सकते हैं। अगर कोई व्यक्ति रेडियोधर्मी धूल के संपर्क में आ जाता है तो उसे अपने बाहरी कपड़े सावधानी से उतारकर प्लास्टिक बैग में सील कर देने चाहिए। इसके बाद साबुन और गुनगुने पानी से अपनी त्वचा और बालों को अच्छी तरह धोना चाहिए। इसके अलावा अधिकारियों ने बिना डॉक्टरी सलाह के आयोडीन की गोलियां लेने से भी मना किया है। दरअसल, स्टेबल आयोडीन थायरॉयड ग्रंथि को रेडियोधर्मी आयोडीन के कुछ प्रभावों से बचा सकता है, लेकिन यह शरीर को दूसरे प्रकार के रेडिएशन से सुरक्षा नहीं देता।
ईरान ने अभी क्यों जारी की परमाणु हमले से बचाव की गाइड?
ईरान की ओर से यह गाइडेंस ‘पैसिव डिफेंस वीक’ के दौरान जारी की गई है। हालांकि, अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच इसके समय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचा है। खबरों के मुताबिक, 16 अक्टूबर को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु हथियारों का इस्तेमाल किए बिना ‘पिकएक्स माउंटेन’ को निशाना बनाने की संभावना पर चर्चा की थी। इसके बाद जारी की गई इस गाइड का उद्देश्य ईरानी नागरिकों को संभावित परमाणु विस्फोट और रेडियोएक्टिव कंटामिनेशन जैसी आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार करना है।
संचार व्यवस्था ठप होने पर भी संपर्क बनाए रखने की तैयारी
ईरानी अधिकारियों ने नागरिकों को बैटरी से चलने वाले रेडियो अपने पास रखने की सलाह भी दी है। इसकी वजह यह है कि परमाणु विस्फोट के दौरान इलेक्ट्रोमैग्नेटिक गड़बड़ी के कारण संचार नेटवर्क प्रभावित हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में बैटरी से चलने वाला रेडियो सरकारी निर्देशों और आपातकालीन सूचनाओं को प्राप्त करने का एक अहम माध्यम बन सकता है।
यह भी पढ़े- Up Election: 2027 में विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे अखिलेश? वाराणसी से दिया बड़ा संकेत








