Sudan news: सूडान के पूर्वी इलाके में एक सैन्य विमान लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी क्रू मेंबर की मौत हो गई। सैन्य अधिकारियों ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। युद्ध से पहले ही जूझ रहे सूडान में यह एक और बड़ा विमान हादसा है।
लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी
अधिकारियों के मुताबिक, इल्यूशिन Il-76 कार्गो विमान मंगलवार को तटीय शहर पोर्ट सूडान के उस्मान दिग्ना एयर बेस पर लैंडिंग कर रहा था, तभी तकनीकी खराबी आने के कारण वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। क्रू में कितने सदस्य सवार थे, इस पर अभी तक आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। अधिकारी मीडिया से बात करने की अनुमति न होने के कारण नाम उजागर नहीं कर सके। इस बीच, मशहूर सूडानी पत्रकार उस्मान मिर्घनी ने सोशल मीडिया पर अपने भतीजे और सैन्य पायलट उमरान मिर्घनी की मौत की पुष्टि करते हुए शोक व्यक्त किया।
Sudan news: सूडान में विमान हादसे आम, रिकॉर्ड बेहद खराब
सूडान का एविएशन सेफ्टी रिकॉर्ड काफी खराब माना जाता है। इसी साल फरवरी में सेना का एक विमान राजधानी खार्तूम से सटे ओमदुरमान के बेहद भीड़भाड़ वाले इलाके में गिर गया था, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कम-से-कम 46 लोगों की मौत हुई थी।
Sudan news: RSF से जंग के बीच सेना को लगातार झटके
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब सूडान की सेना कुख्यात अर्धसैनिक बल RSF (रैपिड सपोर्ट फोर्सेज) के खिलाफ जंग में लगातार पीछे हट रही है। अक्टूबर में सेना ने दारफुर का अपना आखिरी गढ़ अल-फाशिर खो दिया। इस हफ्ते की शुरुआत में उसे केंद्रीय कोर्डोफान के सबसे बड़े तेल प्रसंस्करण केंद्र से भी पीछे हटना पड़ा। अप्रैल 2023 में सेना और RSF के बीच सत्ता संघर्ष से शुरू हुए इस युद्ध में अब तक 40,000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि असल आंकड़ा इससे कहीं अधिक है।
शहर तबाह, मानवता पर संकट
Sudan news: युद्ध ने सूडान के कई शहरों को खंडहर में बदल दिया है। यहां, बड़ी संख्या में सामूहिक बलात्कार, नस्लीय आधार पर हत्याएं, और कई अन्य यातनाएं हुई हैं, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार संगठनों ने युद्ध अपराध करार दिया है, खासकर पश्चिमी दारफुर में। लगातार लड़ाई ने दुनिया का सबसे बड़ा मानवीय संकट खड़ा कर दिया है। देश के कई इलाकों में अकाल जैसी स्थिति बन चुकी है।
यह भी पढ़ें: China fire news: चीन में रिहायशी बिल्डिंग में आग, 12 लोगों की मौत







