Ballot Paper: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग पर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा तंज कसा है।
‘जीत में ईवीएम सही, हार में गड़बड़’
मीडिया से बातचीत में ओपी राजभर ने कहा कि जब सपा के सांसद और विधायक जीत जाते हैं, तब ईवीएम सही होती है, लेकिन हारने पर उसमें गड़बड़ी नजर आने लगती है। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव वास्तव में बैलट पेपर से चुनाव चाहते हैं, तो पहले उनकी पार्टी के सभी सांसद और विधायक इस्तीफा दें।
Ballot Paper: ‘ईवीएम से गलती से जीते’,समयसीमा बढ़ाने पर समर्थन
राजभर ने आगे कहा कि सपा को जनता के सामने यह स्वीकार करना चाहिए कि वे ईवीएम की वजह से गलती से जीत गए। जब तक बैलट पेपर से चुनाव नहीं होगा, तब तक चुनाव नहीं लड़ेंगे ऐसा ऐलान पहले करें, उसके बाद इस मुद्दे पर बात हो सकती है। मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की समयसीमा बढ़ाए जाने को लेकर ओपी राजभर ने चुनाव आयोग के फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि 10 नवंबर से 4 दिसंबर के बीच किसान फसल कटाई और बुवाई में व्यस्त रहते हैं, ऐसे में कई लोग प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए। समयसीमा बढ़ाना चुनाव आयोग का अच्छा और व्यावहारिक कदम है।
भाजपा अध्यक्ष चुनाव पर क्या बोले राजभर
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने कहा कि हर पंजीकृत राजनीतिक पार्टी अपने संविधान और नियमों के तहत आंतरिक चुनाव कराती है। भाजपा जिसे चुने, वह उनका आंतरिक फैसला है और इसमें किसी बाहरी सलाह या सुझाव का कोई असर नहीं पड़ता।
Ballot Paper: संसद हमले की बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि
संसद पर हुए आतंकी हमले की 24वीं बरसी पर मंत्री ओपी राजभर ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि यह एक बेहद दुखद घटना थी, जो कभी नहीं होनी चाहिए थी, और देश उन वीर शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता।
लेखक: मुकेश तिवारी
ये भी पढ़े… निर्माणाधीन कचहरी रोड में हुआ भ्रष्टाचार उजागर, DM के निरीक्षण से मचा हड़कंप







