Home » राष्ट्रीय » UP BJP New President: यूपी भाजपा की कमान पंकज चौधरी के हाथ: सात बार के सांसद बने प्रदेश अध्यक्ष, संगठन ने खेला ओबीसी दांव

UP BJP New President: यूपी भाजपा की कमान पंकज चौधरी के हाथ: सात बार के सांसद बने प्रदेश अध्यक्ष, संगठन ने खेला ओबीसी दांव

UP BJP New President: उत्तर प्रदेश भाजपा ने संगठन को नई धार देने और आगामी चुनावी रणनीति को मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। सात बार के सांसद और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को पार्टी ने नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। लखनऊ में औपचारिक घोषणा के साथ ही पार्टी ने साफ संकेत दे दिया है कि सामाजिक संतुलन और संगठनात्मक मजबूती अब प्राथमिकता है।

निर्विरोध निर्वाचन पर लगी औपचारिक मुहर

उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को अपना नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिया है। शनिवार को एकमात्र नामांकन दाखिल होने के कारण उनका निर्विरोध चुना जाना पहले ही तय माना जा रहा था। रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय परिसर में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई।

UP BJP New President: केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में हुआ ऐलान

प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन के केंद्रीय प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पंकज चौधरी के नाम की घोषणा की। इस अवसर पर प्रदेश चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय भी मंच पर मौजूद रहे। घोषणा के साथ ही सभागार तालियों से गूंज उठा।

UP BJP New President: सीएम योगी समेत कई दिग्गज नेता रहे मौजूद

इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भूपेंद्र चौधरी ने पार्टी का ध्वज नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को सौंपा।

संगठन की ताकत का प्रतीक है भाजपा: पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा आज जिस मुकाम पर है, वह उसके मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अनुशासन और सामूहिक प्रयास ही पार्टी की सबसे बड़ी पहचान है।

राष्ट्रीय परिषद में यूपी से इन दिग्गजों को मिली जगह

कार्यक्रम के दौरान भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के 120 नवनिर्वाचित सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई। डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने जानकारी दी कि प्रदेश में प्राथमिक सदस्यता अभियान के तहत 2 करोड़ 60 लाख से अधिक सदस्य बनाए गए हैं, जबकि 98 जिला इकाइयों में संगठनात्मक चुनाव पूरे हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय परिषद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, भूपेंद्र सिंह चौधरी, स्मृति ईरानी, स्वतंत्र देव सिंह और सूर्य प्रताप शाही सहित कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।

ओबीसी समीकरण और पीडीए की काट

सात बार के सांसद पंकज चौधरी को ओबीसी वर्ग का मजबूत चेहरा माना जाता है। कुर्मी समाज से आने वाले पंकज चौधरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का विश्वसनीय नेता माना जाता है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने पीडीए राजनीति की काट और सामाजिक संतुलन साधने का प्रयास किया है।

ये भी खबरें पढ़े…  कौन हैं पंकज चौधरी? योगी के करीबी नेता को मिली यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी