Bengal News: पश्चिम बंगाल में चर्चित मेसी प्रकरण को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। बढ़ते विवाद के बीच राज्य के खेल मंत्री अरूप बिस्वास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
युवा भारती स्कैंडल बना इस्तीफे की वजह
मेसी प्रकरण से जुड़े युवा भारती स्कैंडल को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान भारी अव्यवस्था और कुप्रबंधन देखने को मिला। इसी विवाद के चलते अरूप बिस्वास से खेल विभाग छोड़ने को कहा गया था, जिसके बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया।
Bengal News: पुलिस अधिकारियों पर गिरी गाज
मामले में प्रशासनिक स्तर पर भी सख्त कदम उठाए गए हैं। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार और विधाननगर पुलिस आयुक्त (CP) मुकेश कुमार को मुख्य सचिव की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं विधाननगर के पुलिस उपायुक्त (DC) को निलंबित कर दिया गया है।
24 घंटे में जवाब और विभागीय कार्रवाई
DGP और CP को 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा गया है कि इवेंट के दिन स्टेडियम में कुप्रबंधन क्यों हुआ और निजी आयोजकों सहित अन्य हितधारकों के साथ समन्वय क्यों नहीं किया गया। इसके अलावा, DCP अनीश सरकार के खिलाफ ड्यूटी में लापरवाही को लेकर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
Bengal News: एसआईटी का गठन, जांच होगी गहन
मामले की गहन जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है। इसमें IPS पीयूष पाण्डेय, IPS जावेद शमीम, IPS मुरलीधार और IPS सुप्रतिम सरकार शामिल हैं। सरकार का कहना है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।







