Pakistan news: पाकिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला सिंध प्रांत से सामने आया है, जहां हथियारबंद बदमाशों ने एक यात्री बस को निशाना बनाते हुए कम से कम 18 लोगों का अपहरण कर लिया। अपहृत यात्री बस से क्वेटा की ओर जा रहे थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
हाईवे पर बस को रोककर की फायरिंग
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना सिंध प्रांत के घोटाकी इलाके के पास हुई। अज्ञात बंदूकधारियों ने सुनियोजित तरीके से सिंध-पंजाब बॉर्डर के नजदीक हाईवे लिंक रोड पर रात के समय बस को रोका। हमलावरों ने बस पर फायरिंग की, जिसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के दौरान बस चालक समेत कुछ यात्रियों के घायल होने की भी खबर है।
Pakistan news: महिला यात्री ने बताई आंखों देखी घटना
जियो न्यूज से बातचीत में बस में सवार एक महिला यात्री ने बताया कि मौके पर करीब 20 हथियारबंद हमलावर मौजूद थे। सभी के चेहरे ढके हुए थे और उनके हाथों में हथियार थे। महिला के अनुसार, हमलावरों ने पुरुष यात्रियों को बस से नीचे उतरने को कहा, जबकि महिला यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया। इसके बाद बदमाश कई यात्रियों को अपने साथ जबरन लेकर फरार हो गए।
Pakistan news: बस में सवार थे करीब 30 यात्री
इस घटना को लेकर सिंध के गृह मंत्री के प्रवक्ता जिया उल हसन लांझर ने इसे बेहद दुखद बताया है। उन्होंने बताया कि ड्राइवर और कंडक्टर समेत बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि पाकिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों का आतंक कोई नई बात नहीं है। इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में भी इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां हथियारबंद हमलावरों ने सुरक्षा बलों और आम लोगों को निशाना बनाया है।
यह भी पढ़ें: Bihar News: बेतिया: डीआईजी के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी करने वाला गिरफ्तार






