Bihar News: चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों से ठगी करने वाले अपराधी को साइबर थाना पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के निवासी तस्लीम खान के रूप में हुई है।
राजस्थान से हुई गिरफ्तारी
साइबर थाना के डीएसपी गौतम शरण ओमी ने बताया कि तस्लीम खान को अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरापुर गांव स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को लंबे समय से आरोपी की तलाश थी, जो सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को झांसे में ले रहा था।
Bihar News: डीआईजी के नाम से बनाई फर्जी आईडी
जांच में सामने आया कि आरोपी ने नवंबर माह में डीआईजी हर किशोर राय के फोटो और नाम का इस्तेमाल कर फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाई थी। इसी आईडी से वह लोगों को मैसेज भेजकर खुद को प्रभावशाली अधिकारी बताता था।
सेना अधिकारी का देता था हवाला
आरोपी लोगों को यह कहकर ठगता था कि उनके एक मित्र सेना के अधिकारी हैं और उनका स्थानांतरण हो गया है। इस बहाने वह पैसों की मांग करता था और कई लोगों को ठगी का शिकार बनाता था।
Bihar News: सिम कार्ड और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी आईडी बनाने में इस्तेमाल किया गया सिम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। फिलहाल साइबर थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने कितने लोगों से ठगी की है और इसमें कोई और शामिल है या नहीं।
ये भी पढ़ें…Bengal News: मेसी प्रकरण से बंगाल में सियासी भूचाल: खेल मंत्री अरूप बिस्वास का इस्तीफा, जांच तेज








