Breaking News
Home » राष्ट्रीय » Cyber Crime: फर्जी शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 5.6 करोड़ की ठगी, साइबर अपराधी गिरफ्तार

Cyber Crime: फर्जी शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 5.6 करोड़ की ठगी, साइबर अपराधी गिरफ्तार

Cyber Crime:

Cyber Crime: नोएडा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी शेयर मार्केट निवेश का झांसा देकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय मौ. फैजान पुत्र कासिम, निवासी शाहपुर सिरपुरा, थाना एचोडा कम्बोह, जिला संभल के रूप में हुई है। उसे 18 दिसंबर 2025 को संकलित सूचना के आधार पर संभल से गिरफ्तार किया गया।

व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए निवेश का जाल

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से पीड़ितों को शेयर मार्केट ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ा और भारी मुनाफे का लालच दिया। इसी तरीके से सेक्टर-50 नोएडा निवासी एक पीड़िता से 5.6 करोड़ रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। मामले का खुलासा 30 अक्टूबर 2025 को दर्ज शिकायत के बाद हुआ।

Cyber Crime: कई राज्यों की साइबर शिकायतों से जुड़ा खाता

जांच में सामने आया कि आरोपी फैजान का बैंक खाता महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, केरल, झारखंड, ओडिशा और तमिलनाडु समेत कई राज्यों में दर्ज कम से कम 15 साइबर शिकायतों से जुड़ा है। इसके अलावा नोएडा साइबर क्राइम थाने में दर्ज एक अन्य मामले में 55 लाख रुपये की ठगी में भी उसकी संलिप्तता पाई गई है। आरोपी के खाते में करीब 70 लाख रुपये की संदिग्ध धनराशि आने की पुष्टि हुई है।

कमीशन के लालच में सौंपा बैंक खाता, मोबाइल बरामद

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मेरठ निवासी चरणजीत ने करंट खाता उपलब्ध कराने के बदले कमीशन का लालच दिया था। फैजान ने अपने बैंक ऑफ बड़ौदा के करंट खाते की एटीएम और चेकबुक उसे सौंप दी, जिसके बदले अलग-अलग मामलों में 25 से 50 हजार रुपये मिले। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। इस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपी साहब सिंह और नीरज को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

ये भी पढ़ें…एसआईआर अभियान में पूरी भागीदारी दें भाजपा कार्यकर्ता: मुख्यमंत्री योगी