Bhopal Metro: राजधानी भोपाल में मेट्रो सेवा का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भोपाल मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की। इसके बाद दोनों नेताओं ने सुभाष नगर से एम्स तक मेट्रो में सफर कर इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
पहले सफर में 30 बच्चे समेत 300 लोग सवार
भोपाल मेट्रो के पहले सफर में मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के साथ 30 स्कूली बच्चे भी मेट्रो में सवार रहे। कुल मिलाकर करीब 300 लोग इस उद्घाटन यात्रा का हिस्सा बने। एम्स मेट्रो स्टेशन पर मुख्यमंत्री के साथ नगरीय प्रशासन मंत्री विश्वास सारंग, भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Bhopal Metro: 7 साल बाद साकार हुआ मेट्रो का सपना
करीब 7 वर्षों के इंतजार के बाद भोपाल में मेट्रो का सपना साकार हुआ है। मेट्रो का पहला चरण 6.22 किलोमीटर लंबा है, जो सुभाष नगर से एम्स तक फैला है। इस रूट पर कुल 8 स्टेशन बनाए गए हैं। उद्घाटन से पहले सभी स्टेशनों को फूलों से सजाया गया और रातभर तैयारियां चलती रहीं।
कल से आम यात्रियों के लिए शुरू होगी सेवा
भोपाल मेट्रो सेवा कल से आम यात्रियों के लिए शुरू होगी। इससे शहर के सार्वजनिक परिवहन को नई गति मिलने के साथ-साथ ट्रैफिक दबाव कम होने की उम्मीद है। इससे पहले कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में भोपाल मेट्रोपॉलिटन सिटी का भी औपचारिक शुभारंभ किया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रिकॉर्डेड वीडियो संदेश भी प्रदर्शित किया गया।
ये भी पढ़ें…Punjab News: मोगा में नकली करेंसी का भंडाफोड़, 52 हजार रुपये के जाली नोट बरामद







