PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को असम के नाहरकटिया स्थित नामरूप फर्टिलाइजर कॉम्प्लेक्स में एक नई अत्याधुनिक यूरिया उत्पादन इकाई की आधारशिला रखेंगे। यह परियोजना पूर्वोत्तर भारत में दशकों बाद शुरू होने वाली सबसे अहम उर्वरक आधारभूत संरचना पहलों में से एक मानी जा रही है।
12 लाख टन सालाना उत्पादन, किसानों को होगा सीधा लाभ
प्रस्तावित यूरिया यूनिट की वार्षिक उत्पादन क्षमता 1.2 मिलियन मीट्रिक टन होगी। इसके शुरू होने से देश की कृषि आपूर्ति श्रृंखला मजबूत होगी और किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही, यह परियोजना भारत की उर्वरक आयात पर निर्भरता घटाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
PM Modi: तीन साल में पूरा होगा निर्माण
असम सरकार के अनुसार, नई फर्टिलाइजर यूनिट का निर्माण कार्य तीन वर्षों के भीतर पूरा होने की उम्मीद है। एक बार परिचालन में आने के बाद यह परियोजना नामरूप औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के इलाकों में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के हजारों अवसर पैदा करेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सीएम हिमंत बिस्वा शर्मा ने संभाली तैयारियों की कमान
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने असम पुलिस, जिला प्रशासन और कार्यक्रम से जुड़े सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
पूर्वोत्तर विकास को मिलेगा नया आयाम
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जहां वे इस परियोजना के रणनीतिक महत्व और पूर्वोत्तर भारत में औद्योगिक व कृषि विकास को गति देने के केंद्र सरकार के दृष्टिकोण को रेखांकित कर सकते हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर आधारित विकास पर केंद्र का फोकस
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को असम पहुंचे थे और उन्होंने गुवाहाटी में लोकप्रिया गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। उनकी यह यात्रा इंफ्रास्ट्रक्चर आधारित विकास और संतुलित क्षेत्रीय प्रगति पर केंद्र सरकार के लगातार जोर को दर्शाती है, जिसमें असम ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और पूर्वोत्तर विकास रणनीति का अहम केंद्र बनता जा रहा है।
ये भी पढ़े… पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद घुसपैठियों की खैर नहीं: प्रधानमंत्री मोदी







