crime news: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने एक बड़ी कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी और कुख्यात अपराधी सिराज अहमद उर्फ पप्पू को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। सुल्तानपुर के चर्चित अधिवक्ता हत्याकांड में फरार चल रहा सिराज लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। रविवार तड़के सहारनपुर के गंगोह थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को एसटीएफ लखनऊ यूनिट और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
मुखबिर की सूचना पर तड़के की गई घेराबंदी
सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि सिराज अहमद गंगोह इलाके में छिपा हुआ है। रविवार सुबह करीब छह बजे एसटीएफ और गंगोह पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने पर सिराज ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
crime news: अधिवक्ता आज़ाद हत्याकांड का मुख्य आरोपी
सिराज अहमद सुल्तानपुर के बहुचर्चित अधिवक्ता आज़ाद अहमद हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। 8 अगस्त 2023 को सुल्तानपुर दीवानी न्यायालय परिसर के पास अधिवक्ता आज़ाद अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान सिराज का नाम सामने आने के बाद से वह लगातार फरार था और पुलिस उसे पकड़ने के लिए कई जिलों में दबिश दे रही थी।
30 से अधिक संगीन मुकदमों का आपराधिक इतिहास
लोलेपुर गांव, कोतवाली नगर (सुल्तानपुर) निवासी सिराज का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद गंभीर रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और रासुका सहित करीब 30 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह संगठित अपराधों में सक्रिय था और अलग-अलग जिलों में उसका नेटवर्क फैला हुआ था।
हथियारों का जखीरा और करोड़ों की संपत्ति पहले ही कुर्क
मुठभेड़ स्थल से एसटीएफ ने दो पिस्टल (30 बोर और 32 बोर), भारी मात्रा में जिंदा और खोखा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, दो वाई-फाई डोंगल और अन्य सामान बरामद किया। इससे पहले सुल्तानपुर प्रशासन ने न्यायालय के आदेश पर उसकी करीब 4.66 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी, जिसमें लग्जरी गाड़ियां, एसयूवी, ट्रैक्टर और जमीन-जायदाद शामिल थी।
Report By: दीपक तिवारी
ये भी पढ़े… शायरी से आरोप तक: कोडीन कफ सिरप पर अखिलेश बनाम जदयू







