MP NEWS: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के सभी कार्यकर्ता एक उद्देश्य, एक विचारधारा और एक संकल्प के साथ देश को आगे बढ़ाने के कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने आह्वान किया कि पार्टी कार्यकर्ता सरकार और संगठन को इतनी मजबूती दें कि वर्ष 2047 में भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में अपनी आंखों से देखा जा सके।
इंदौर आगमन पर हुआ आत्मीय स्वागत
सोमवार को इंदौर पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
MP NEWS: कार्यकर्ताओं का उत्साह उपलब्धियों का प्रमाण
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि यहां उपस्थित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटे हैं।
MP NEWS: विकसित भारत बनते देखना गर्व की बात
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, लगन और समर्पण से देश विकसित राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अपने कार्यों के माध्यम से भारत को विकसित राष्ट्र बनते देखना हम सभी के लिए गर्व की बात है। इसके लिए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और संगठन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
विकास के पथ पर आगे बढ़ा रही भाजपा सरकार

नड्डा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में संगठन जहां मध्यप्रदेश में भाजपा को मजबूत कर रहा है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राज्य को विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन के सामूहिक प्रयासों से 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार होगा।
धार और बैतूल में मेडिकल कॉलेजों का भूमिपूजन करेंगे जेपी नड्डा
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जानकारी दी कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 23 दिसंबर को धार और बैतूल में मेडिकल कॉलेजों का भूमिपूजन करेंगे। धार में सुबह 11:50 बजे और बैतूल में दोपहर 2:45 बजे आयोजित कार्यक्रम में पीपीपी मोड पर स्वीकृत मेडिकल कॉलेजों के शिलान्यास के साथ अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी किया जाएगा। कार्यक्रम के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी होगा।
ये भी पढ़े… कॉन्स्टेबल को गोली मारने वाले इनामी हिस्ट्रीशीटर का कटा पैर, मुठभेड़ में लगी गोली से फैली गैंगरीन







