Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » खीरी में पुलिस की नाक के नीचे से फरार हुआ आरोपी, लापरवाह पुलिसकर्मियों पर गिरेगी गाज?

खीरी में पुलिस की नाक के नीचे से फरार हुआ आरोपी, लापरवाह पुलिसकर्मियों पर गिरेगी गाज?

Lakhimpur Kheri

Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जिले के नीमगांव थाने से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस कस्टडी में रखे गए एक मुख्य आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाबी हासिल कर ली।

तीन दिन पहले किया गया था गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी कोई साधारण अपराधी नहीं है, बल्कि एक सरकारी अध्यापक है, जिसे तीन दिन पहले फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोपी ने पुलिस की चुस्त सुरक्षा को धता बताते हुए मौका पाते ही फरार होने का रास्ता अपनाया।

Lakhimpur Kheri: पुलिस की लापरवाही पर सवाल

नीमगांव थाने के थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम की कार्यक्षमता पर भी सवाल उठने लगे हैं। थाने के अंदर से आरोपी का इस तरह भाग जाना न केवल लापरवाही है, बल्कि पुलिस की सतर्कता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है। घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी का माहौल है और जिम्मेदार पुलिसकर्मी एक-दूसरे पर पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं।

एसपी संकल्प शर्मा की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें गठित कर दी हैं। ये टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही, इस लापरवाही की अंदरूनी जांच के आदेश भी दिए गए हैं। माना जा रहा है कि ड्यूटी पर तैनात लापरवाह पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की संभावना है।

लेकिन वहीं अब सवाल ये है कि क्या यूपी पुलिस की नाक के नीचे से आरोपी ऐसे ही भागते रहेंगे, या इस लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी। 4 टीमें गठित होने के बाद यह देखना बाकी है कि पुलिस फरार सरकारी अध्यापक को सलाखों के पीछे कब तक पहुंचा पाती है।

Report By: संजय कुमार राठौर   

ये भी पढ़े… गाजियाबाद में बुजुर्ग दंपति से 2.86 करोड़ की डिजिटल ठगी, 12 दिन रखा ‘डिजिटल अरेस्ट’, तरीका जान उड़ जाएंगे होश