Farmers Day 2025: राजधानी लखनऊ में मंगलवार को किसान दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया और कई किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। सीएम ने कहा कि प्रदेश के किसानों के हितों की रक्षा करना सभी का धर्म है। उन्होंने यह भी बताया कि किसानों की उन्नति के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है और पहली बार ऐसा हुआ है कि किसान सरकार के एजेंडे का केंद्र बन गए हैं।
धरती माता की सेहत और सॉइल हेल्थ कार्ड का महत्व
सीएम योगी ने कहा कि जैसे पुत्र अपनी बीमार मां की देखभाल करता है, वैसे ही धरती माता की सेहत का ध्यान रखना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि अब देश के प्रत्येक किसान सॉइल हेल्थ कार्ड के माध्यम से अपनी मिट्टी की सेहत पर नजर रख रहा है। इसके लिए सरकार द्वारा किसानों को जागरूक करने और प्रशिक्षण देने के लिए कई अभियान चलाए गए। सीएम ने किसानों से अपील की कि वे भारत माता के जयकारे के साथ देश और प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान दें।

Farmers Day 2025: कृषि क्षेत्र में नए अनुसंधान और विकास
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान” के मंत्र को अब “जय अनुसंधान” के साथ जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि नए-नए अनुसंधान और तकनीकियों के माध्यम से कृषि क्षेत्र को नया आयाम देने का प्रयास जारी है, ताकि वर्ष 2047 में विकसित भारत का सपना साकार किया जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थित मंत्री और विधायक
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह और उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह सहित कई मंत्री और आरएलडी के विधायक उपस्थित रहे। किसानों के उत्साह और सरकार की योजनाओं पर चर्चा ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
ये भी पढ़े… यूपी विधानसभा शीतकालीन सत्र: गन्ना किसानों और कफ सिरप पर हंगामा जारी,सपा विधायक ट्रैक्टर से विधानसभा पहुंचे






