Shamli News: शामली जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि दिखावे की जिंदगी किसी को किस हद तक अपराध की ओर धकेल सकती है। एक पढ़ा-लिखा युवक जो लोगों को दर्द से राहत देने का काम करता था खुद अपनी ज़िंदगी के कर्ज और शौक के बोझ तले अपराधी बन बैठा।
पहले जानें क्या है मामला?
शहर के बनत कस्बे में सरकारी अस्पताल में 8 दिसंबर की रात बड़ी चोरी हुई। पुलिस की जांच ने जब मामला सुलझाया तो कहानी का चेहरा सबको हैरान कर गया। चोरी का मास्टरमाइंड कोई अनजान अपराधी नहीं बल्कि फिजियोथेरेपी क्लिनिक चलाने वाला आसिफ निकला जो अपने साथी सचिन के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देता था।
Shamli News: कब्जे से दवाइयां बरामद
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दवाइयां एलईडी टीवी महंगे मेडिकल उपकरण और घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की। पूछताछ में आसिफ ने कबूल किया कि यह अपराध उसने अपनी प्रेमिका के महंगे शौक और लग्जरी लाइफस्टाइल को पूरा करने के लिए किया। प्यार के नाम पर महंगे गिफ्ट घूमने-फिरने और दिखावे की दुनिया ने आसिफ को कर्ज के दलदल में फंसा दिया। जब कर्ज चुकाने का रास्ता नहीं मिला तो उसने चोरी का रास्ता अपना लिया।
मामले में एएसपी सिटी सुमित शुक्ला ने बताया कि दोनों आरोपी पहले भी चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी गैंग बनाकर इलाके में कई जगहों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या ये किसी और बड़ी चोरी में भी शामिल थे। यह मामला सिर्फ एक अपराध की कहानी नहीं बल्कि एक चेतावनी भी है-जब दिखावे की दौड़ और झूठी चमक जिंदगी के असली मकसद पर हावी हो जाती है तो इंसान अपनी पहचान और ईमान दोनों खो देता है।
ये भी पढ़े… मौलाना तौकीर के करीबी वाजिद बेग की योगी ने तोड़ी कमर, बरातघर पर चला बुलडोजर






