Raebareli Encounter: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन लंगड़ा के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सलोन कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और गो तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक वांछित बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
यह मुठभेड़ शनिवार देर रात छोटा घोसियाना नहर पुलिया के पास हुई, जहां पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक मौके पर पहुंचे।
Raebareli Encounter: पुलिस पर की गई फायरिंग
पुलिस ने जब बाइक सवार युवकों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। घायल बदमाश को पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया।
Raebareli Encounter: गिरफ्तार बदमाश की पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश की पहचान नफीस के रूप में हुई है, जो गो तस्करी के कई मामलों में वांछित था। वहीं उसका साथी अबरार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल नफीस को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। इन बरामदगी के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पुलिस का बयान
अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि फरार अभियुक्त अबरार की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन लंगड़ा के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि नफीस से पूछताछ कर उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जाएगी। गो तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़े… अमित शाह का चार चुनावी राज्यों में मेगा दौरा आज से, बंगाल समेत असम-केरल-तमिलनाडु पर फोकस






