Home » बिहार » मुजफ्फरपुर कोर्ट में सनसनी: वकील के केबिन में घुसकर अधिवक्ता पर जानलेवा हमला

मुजफ्फरपुर कोर्ट में सनसनी: वकील के केबिन में घुसकर अधिवक्ता पर जानलेवा हमला

Muzaffarpur News

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अज्ञात व्यक्ति ने अचानक एक वकील के केबिन में घुसकर क्रिमिनल अधिवक्ता राजू शुक्ला पर हमला कर दिया। इस हमले में अधिवक्ता राजू शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्हें तत्काल कोर्ट परिसर स्थित स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

अधिवक्ताओं ने पकड़ा हमलावर

हमले के तुरंत बाद कोर्ट परिसर में मौजूद अन्य अधिवक्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए हमलावर को मौके पर ही पकड़ लिया। घटना से आक्रोशित वकीलों ने उसकी पिटाई कर दी। इसी दौरान सूचना मिलने पर डायल 112  की टीम और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से हमलावर को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हमले की खबर फैलते ही कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता स्वास्थ्य केंद्र के बाहर जमा हो गए। घटना को लेकर वकीलों में भारी आक्रोश देखने को मिला और कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे।

Muzaffarpur News: वरिष्ठ अधिवक्ता ने जताई नाराजगी

घटना पर वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर ओझा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब कोर्ट परिसर में एक वकील ही सुरक्षित नहीं है और कोई अंजान व्यक्ति आसानी से केबिन में घुसकर हमला कर देता है, तो यह पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता है। इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे क्या कारण था।

Report By: विक्रम कुमार

ये भी पढ़े… तिरहुत के नए आयुक्त का पद संभालते ही कड़ा संदेश बोले- ‘शिकायतों का नहीं, समाधान का होगा शासन’