Muzaffarnagar News: नई मंडी कोतवाली पुलिस और गौकशी करने वाले गिरोह के बीच सोमवार देर रात हाईवे पर मुठभेड़ हो गई। यह घटना उस समय हुई जब पुलिस दिल्ली देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि दो गौहत्यारे बझेड़ी गांव के रास्ते गौमांस लेकर आने वाले हैं।
बदमाशों ने की पुलिस पर फायरिंग
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। थोड़ी देर बाद जब दो संदिग्ध युवक बोरियां लेकर आते दिखाई दिए तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और पास के ईंख के खेत में जा छिपे। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक बदमाश सोनू उर्फ कलीम के पैर में गोली लगी। पुलिस ने कुछ ही देर में खेत की कॉम्बिंग कर दूसरे आरोपी दाऊद को भी दबोच लिया।
Muzaffarnagar News: पुलिस पूछताछ में हुआ खुलासा
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से दो देसी तमंचे, कारतूस और कट्टों में भरा गौमांस बरामद किया। घायल सोनू को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसी दौरान घायल आरोपी हाथ जोड़कर पुलिस से माफी मांगते हुए बोला मैंने गलती की अब दोबारा हिंदुस्तान में ऐसा काम नहीं करूंगा मुझे माफ कर दीजिए। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी एक संगठित गैंग के सदस्य हैं जो रात के अंधेरे में जंगलों में गौकशी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वे काटे गए मांस को सीमा और बेबी नाम की दो महिलाओं को बेच देते थे। ये महिलाएं आगे बाजार में गौमांस की सप्लाई का काम करती थीं। पुलिस ने सीमा नाम की महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बेबी अभी फरार है।
पुलिस ने मामले में क्या कहा?
नई मंडी क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजू कुमार साव ने बताया कि जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दिन में ही पुलिस ने एक महिला को गौमांस बेचते हुए पकड़ा था पूछताछ में उसने गौकशी करने वालों के बारे में जानकारी दी थी। उसी आधार पर रात में जब पुलिस ने हाईवे पर चौकिंग की तो वही आरोपी पकड़े गए जिन्होंने दोपहर में गौकशी की घटना को अंजाम दिया था। सीओ साव ने बताया कि गिरफ्तार सोनू पुत्र नदीम निवासी मदीना थाना सिविल लाइन और दाऊद पुत्र सुधा निवासी बागोंवाली दोनों पर पहले से ही गौकशी के कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने बझेड़ी के जंगल में बीती रात गौवध किया था और उसे बेचने के लिए निकले थे।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल की जांच की है। घायल आरोपी के पास से मिले दस्तावेजों से यह भी पुष्टि हुई कि वह पहले भी गौवध के मामलों में वांछित रह चुका है। पुलिस अधिकारियों के अनुसारइस कार्रवाई से जिले में सक्रिय गौकशी गिरोहों पर सख्त कार्रवाई का संदेश गया है। मुजफ्फरनगर पुलिस ने कहा है कि गौवध और मांस सप्लाई करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि ऐसे अपराधों पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके।






